CJP से निकाले गए प्रवक्ता को मिली धमकी,VIDEO:विजेता बोले-दिल्ली में कॉलर पकड़ धमकाया ‘टुकड़े-टुकड़े कर देंगे’; 24 घंटे में माफी मांगने को कहा


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता विजेता दहिया ने बड़ा दावा किया है। दहिया ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें पॉडकास्ट के बहाने दिल्ली के जाफराबाद में बुलाया। वहां कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और सोशल मीडिया पर उनके भगवान व धर्म से जुड़े कंटेंट को लेकर सवाल-जवाब किए। विरोध करने पर कॉलर पकड़कर ‘टुकड़े-टुकड़े करने’ की धमकी दी गई। साथ ही 24 घंटे में हाथ जोड़कर माफी मांगने का वीडियो डालने का दबाव बनाया गया। घटना के बाद 3 सितंबर शाम को दहिया ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी किया। जिसमें कहा-मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं। मेरे अपने ऊपर हमले की चल रही अफवाहों को भी खारिज करता हूं। अपने साथ हुए घटनाक्रम के संबंध में 31 अगस्त को बेगमपुर थाने में शिकायत दी है। दैनिक भास्कर से बातचीत में दहिया ने बताया कि पुलिस को शिकायत देने के बाद भी उनके पास 1 व 2 सितंबर को धमकी भरे वॉयस नोट आए। जिसको लेकर 2 सितंबर को फिर पुलिस को शिकायत दी। दहिया मूलरूप से हरियाणा के सोनीपत जिले के हैं। जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान बर्गर खाने का वीडियो सामने आने के बाद प्रवक्ता पद से हटा दिया गया था। जानिये…दहिया ने वीडियो में क्या बातें कहीं… प्रिंस का जवाबी वीडियो-भगवान को गाली देता है विजेता दहिया के वीडियो जारी कर आपबीती बताने के कुछ घंटे बाद ही प्रिंस गौर नाम के अकाउंट से जवाबी वीडियो जारी हुआ। जिसमें उसने पूरी घटना की जिम्मेदारी लेते हुए कहा-मैंने उसे समझाया था कि तू भगवान को गाली मत दे, लेकिन वो नहीं माना और अब जो शुरू तूने किया था उस पर पूर्णविराम हम लगाएंगें। और ऐसा लगाएं कि एक एग्जांपल सेट हो जाएगा। इससे पहले प्रिंस की ओर से विजेता दहिया को 1 व 2 सितंबर को 4 वॉयस नोट भेजे गए। जिनमें घर से उठाने लेने की धमकी समेत गाली-गलौज किया गया। एक वॉयस नोट में सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल का जिक्र लेते हुए कहा-हमने रामपाल को 17 बार समझाया था, लेकिन वो नहीं माना। फिर उसके साथ जो किया उसकी बात पूरा इंस्टाग्राम कर रहा है। जानिये कौन हैं…विजेता दहिया जो CJP के 48 दिन प्रवक्ता रहे सोनीपत निवासी विजेता दहिया ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech किया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी के साथ करीब 5 साल तक रिसर्चर और स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर काम किया। दो हरियाणवी फिल्मों ओपरी-पराई और दरारें से भी जुड़े रहे। दो किताबें लिख चुके हैं- Power of Universe और To Hell With That Job। उनकी हिंदी किताब ‘भाड़ में जाए नौकरी’ में करियर से जुड़े अनुभवों, संघर्ष और जीवन में लिए गए फैसलों का जिक्र है। इंस्टा पर 3.75 लाख फॉलोअर्स हैं। विजेता को 3 जून 2026 में CJP का आधिकारिक प्रवक्ता बनाया था। पार्टी की ओर से मीडिया में पक्ष रखने और विभिन्न आंदोलनों में संगठन का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी उन्हें दी गई।
हालांकि, दिल्ली में संसद मार्च के दौरान मेट्रो और कार में बर्गर खाते हुए उनके वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने उन्हें असंवेदनशील व्यवहार का हवाला देते हुए 21 जुलाई को पद से हटा दिया था। यानी कुल 48 दिन प्रवक्ता पद पर रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *