दीपेंद्र द्विवेदी | कानपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन स्पोर्ट्स महोत्सव 2026 के तहत शहर में भव्य इंटर-हॉस्पिटल क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। यह पूरी तरह डे-नाइट टूर्नामेंट होगा, जिसे लेकर डॉक्टरों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य डॉक्टरों के बीच फिटनेस, खेल भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
डॉक्टरों की व्यस्त दिनचर्या को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट के सभी मुकाबले शनिवार और रविवार को रखे गए हैं। मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे, ताकि डॉक्टर दिनभर मरीजों को देखने के बाद मैदान पर उतर सकें। आयोजकों का कहना है कि इससे डॉक्टरों को तनाव से राहत मिलेगी और उनकी फिटनेस भी बेहतर बनी रहेगी।

चार बड़े अस्पतालों के बीच होगी टक्कर टूर्नामेंट में शहर के चार प्रमुख अस्पतालों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें केकेआर हॉस्पिटल, हेरिटेज हॉस्पिटल, एचपीएम हॉस्पिटल और जीआरएस हॉस्पिटल की टीमें मैदान पर एक-दूसरे को चुनौती देंगी। पहले लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके आधार पर सेमीफाइनल की टीमें तय होंगी।
31 मई को होगा फाइनल मुकाबला टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 31 मई 2026 को खेला जाएगा। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाले इस डे-नाइट मैच में दो सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। चार घंटे तक चलने वाले इस महामुकाबले में यह तय होगा कि इस बार क्रिकेट के मैदान पर किस अस्पताल का दबदबा रहेगा।
आईएमए का कहना है कि इस आयोजन के जरिए डॉक्टरों के बीच संवाद और तालमेल को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। व्यस्त दिनचर्या के बीच यह टूर्नामेंट डॉक्टरों को एक-दूसरे के करीब आने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का मंच देगा।
आयोजकों के मुताबिक, खेल भावना के जरिए समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए खेलकूद भी उतना ही जरूरी है, जितना नियमित कामकाज।
