ट्रक की चपेट में आए दो गोवंश की मौत:बदायूं हाईवे पर दो घंटे जाम, हिंदू संगठनों ने की कार्रवाई की मांग


बदायूं के उसावां कस्बे में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो गोवंश की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुई। हादसे के बाद आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर दिया और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई और नगर पंचायत प्रशासन द्वारा गोवंश की सुरक्षा में बरती जा रही लापरवाही पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस घटना के कारण हाईवे पर लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद प्रदर्शनकारी रास्ते से हटे, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोवंश हाईवे पर चल रहे थे तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मृत गोवंशों को देखा और स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि बदायूं से उसावां तक हाईवे पर बड़ी संख्या में गोवंश खुले में घूमते हैं, जिससे वाहन चालकों और गोवंश दोनों की जान को खतरा है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल अभियान चलाकर हाईवे पर घूम रहे गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। धरने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय बजरंग दल के वरिष्ठ कार्यकर्ता पंकज गुप्ता, अतुल गुप्ता, शिवम वर्मा, लखन वर्मा, सुनील, विकास मिश्रा, सोनू मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता और हिंदू संगठन से जुड़े लोग मौके पर मौजूद थे। दातागंज के एसडीएम ने फोन पर पदाधिकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात करीब 10 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *