![]()
लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड में मासूम बच्चों एवं स्टूडेंट्स की असामयिक मृत्यु पर भारतीय जनता पार्टी के कानपुर उत्तर और कानपुर दक्षिण जिलों इकाई ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कानपुर में पहले से निर्धारित कार्यक्रमों को बीजेपी ने निरस्त कर दिया था। कानपुर उत्तर में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत बच्चों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अनिल दीक्षित ने कहा कि लखनऊ की यह हृदयविदारक घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। मासूम बच्चों का इस प्रकार असमय दुनिया से चले जाना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। भाजपा कानपुर दक्षिण कार्यालय ने इस हादसे के बाद अपने सभी पूर्व निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त कर दिए। जिला कार्यालय सभागार में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। मासूम विद्यार्थियों का इस प्रकार असमय काल के गाल में समा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है। जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसी घटनाएं सुरक्षा मानकों के प्रति और अधिक सजग रहने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता दिवंगत विद्यार्थियों के परिवारों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति व्यक्त करते हैं। श्रद्धांजलि सभाओं में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link
BJP ने दिवंगत विद्यार्थियों को दी श्रद्धांजलि:कैंडल जलाकर, 2 मिनट का मौन रखा, प्रकाश पाल बोले- दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं