गोरखपुर में सड़क पार कर रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक छटककर कुछ दूर जाकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि कार चालक मौके से फरार हो गया।
.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को AIIMS पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे झंगहा थाना क्षेत्र के गहिरा पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है और जांच में जुटी है।

बाइक का पुर्जा- पुर्जा टूटा
जानिए पूरा मामला… प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गहिरा पोस्ट ऑफिस टोला निवासी जयकरण (20) और बबलू शर्मा (24) बाइक से अपने घर जा रहे थे। गहिरा पेट्रोल पंप के पास दोनों सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान देवरिया की ओर से गोरखपुर जा रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक हाथ से फिसल गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गए।
हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से एम्स गोरखपुर भेजा गया। परिजनों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ
एयरबैग खुलने से बचा कार चालक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे कार सवार को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद कार को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया।
कारणों का पता लगा रही पुलिस सूचना मिलने पर झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस कार चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।