मुरादाबाद में जन्माष्टमी पर रूट डायवर्जन:भारी वाहनों की नो-एंट्री, व्यवस्था 4 और 5 सितंबर को देर रात 2 बजे तक


मुरादाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर यातायात पुलिस ने शहर की व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए 4 और 5 सितंबर को शहर के मुख्य रास्तों पर भारी और कमर्शियल वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था दोनों दिन शाम 6 बजे से देर रात 2 बजे तक लागू रहेगी। पुलिस अधीक्षक (यातायात) के आदेश के मुताबिक, अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए सीमाएं तय की गई हैं। कांठ रोड से आने वाली रोडवेज बसें कोठीवाल डेंटल कॉलेज तक ही आ सकेंगी और वहीं से वापस जाएंगी। इसी तरह बिलारी, सम्भल रोड और दिल्ली रोड से आने वाली सभी प्राइवेट और रोडवेज बसों को आजाद नगर मोड़ टी.पी. नगर पर रोका जाएगा। ठाकुरद्वारा, काशीपुर, स्वार और टाण्डा रोड से आने वाली बसें काशीपुर तिराहा तक आ सकेंगी। वहीं, रामपुर-बरेली मार्ग से आने वाली बसों को प्रेम वण्डर लैण्ड पुल से आगे आने की इजाजत नहीं होगी। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री की समयसीमा भी बढ़ा दी गई है। सामान्य तौर पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक रहने वाली नो-एंट्री 4 और 5 सितंबर को रात 2 बजे तक लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे परेशानी से बचने के लिए डायवर्जन प्लान देखकर ही घर से निकलें। जरूरत पड़ने पर इस रूट प्लान में बदलाव भी हो सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *