आरोपी महिला रेखा, जिसने नए प्रेमी के साथ मिलकर लिव इन पार्टनर की हत्या कराई।
तारीख: 13 मई जगह: बटाला-गुरदासपुर GT रोड
.
यहां खड़ी एक कार की ड्राइविंग सीट पर युवक की लाश पड़ी थी। पहली नजर में लगा, उसका एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं पर उसकी लिव इन पार्टनर भी खड़ी थी। वह जल्दी उसका पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार कराने की तैयारी में थी। सबने इसे एक्सीडेंट मान लिया।
हालांकि मरने वाले के भाई राजी नहीं हुआ। उसने कहा- ये हत्या है। मेरे भाई (मृतक) ने मौत होने से पहले ही कहा था कि अगर मेरे साथ कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार मेरे साथ रहने वाली महिला और उसका नया प्रेमी होगा। पुलिस ने डेडबॉडी का पोस्टमॉर्टम कराया। करीब 71 दिन बाद रिपोर्ट आई तो शक सच साबित हो गया।
युवक की मौत एक्सीडेंट में नहीं बल्कि सिर पर किसी भारी चीज के हमले से आई थी। पुलिस ने तुरंत सबूत खंगाले तो पता चला कि महज 40 हजार की सुपारी देकर उसकी लिव इन पार्टनर ने अपने नए प्रेमी और 3 अन्य साथियों से मिलकर युवक की हत्या करा दी।
हत्या के बाद शव को उसकी कार की ड्राइवर सीट पर रखकर जीटी रोड पर छोड़ दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पति को छोड़ने, 6 साल तक पहले प्रेमी और फिर 6 महीने के दूसरे प्रेमी से जुड़ी रिश्ते, धोखे और साजिश की पूरी कहानी पढ़िए…

पुलिस की ओर से पकड़े गए आरोपी।
पहले पति छोड़ा, फिर लिव इन पार्टनर, दूसरा प्रेमी बनाया…
- पहले शादी हुई, पति-2 बच्चे छोड़कर आ गई: पुलिस की जांच में पता चला कि रेखा पहले से शादीशुदा थी। उसकी शादी जोहल नंगल निवासी जतिंदर मसीह से हुई थी। शादी के बाद उनके 2 बच्चे हुए। जतिंदर मेलों में दुकान लगाता था। हालांकि दंपती के बीच के रिश्ते ठीक नहीं रहे। रेखा जतिंदर के साथ नहीं रहना चाहती थी।
- पति के दोस्त से संबंध, लिव इन में रहने लगे: पुलिस के मुताबिक जतिंंदर मसीह पिंका सिंह व उसके छोटे भाई राजा सिंह के साथ मेलों में दुकानें लगाते थे। इसी दौरान रेखा पिंका के टच में आ गई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। साल 2020 में अचानक रेखा ने पति को छोड़ दिया और परिवार की मर्जी के खिलाफ पिंका के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। दोनों बटाला की बैंक कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। उनके साथ रेखा का एक बेटा भी रहता था।
- दूसरे प्रेमी से संबंध बने, आपत्तिजनक हालत में पकड़ी: पिंका कभी-कभार ही गांव आता था। इसी दौरान रेखा की मुलाकात चांद से हो गई। धीरे-धीरे उसकी चांद से करीबी बढ़ती चली गई। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। मृतक पिंका के भाई राजा सिंह के मुताबिक पिंका ने 2-3 बार रेखा और चांद को आपत्तिजनक हालत में देखा था, लेकिन वह रिश्ता बचाने की उम्मीद में चुप रहा। वह रेखा को समझाता रहता था। उसे लगता था कि शायद रेखा सुधर जाएगी।
- पहले प्रेमी को खतरे का अहसास हो चुका था: पिंका के समझाने के बावजूद रेखा ने चांद से अवैध संबंध नहीं छोड़े। पिंका के भाई राजा सिंह के अनुसार, पिंका को अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा था। उसने मुझे पिता शाम सिंह और चचेरे भाई दलबीर सिंह से साफ कहा था कि फिलहाल वह काफी चौकस रहता है, लेकिन अगर भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए रेखा और चांद जिम्मेदार होंगे।
- पहला प्रेमी कहता, जो पति छोड़ आई, वह मुझे भी छोड़ देगी: भाई राजा सिंह के मुताबिक पिंका को खुद के खतरे की वजह रेखा का आचरण व चरित्र था। वह अक्सर कहता था, “जो महिला अपने पति की नहीं हुई, अपने बच्चों को छोड़ सकती है, वह मुझे भी छोड़ सकती है।” उसे रेखा की वफादारी पर भी शक होने लगा था।
- दूसरा प्रेमी रास्ते से हटाना चाहता था, रेखा भी मानी: पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा और चांद के बीच प्रेम संबंध 6 महीने पहले ही बना थे। चांद रेखा से अब छुप-छुपकर नहीं मिलना चाहता था लेकिन उसके रास्ते में पिंका सबसे बड़ा रोड़ा था। जिसे हटाने के लिए वह रेखा पर दबाव डालता रहता था। वह ये भी कहता था कि पिंका कोई उसका पति तो है नहीं, न ही दोनों की कभी शादी हुई। लिव इन में ही तो रहते हो। पुलिस पूछताछ में रेखा ने भी माना कि शुरुआत में वह इसके लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में चांद की बातों में आ गई।
हत्या को बताया हादसा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पलटा केस…
- खुद ही फोन कर बोली- पिंका लापता हो गया: 12 मई को पिंका काम पर निकला लेकिन फिर घर नहीं लौटा। उसका फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद रेखा ने पिंका के चचेरे भाई दलबीर सिंह को फोन कर कहा कि पिंका सुबह काम पर निकला था, लेकिन अब उसका फोन बंद है और वह लापता है।
- अगले दिन कार में मिली लाश: 13 मई को चांद के पिता राकेश कुमार ने परिवार को सूचना दी कि पिंका का शव बटाला-गुरदासपुर जीटी रोड पर गांव गिल्लावाली के पास उसकी ग्रे रंग की मारुति कार में पड़ा है। रेखा भी वहां पहुंच चुकी थी। परिजन मौके पर पहुंचे तो पिंका का शव ड्राइवर सीट पर था। परिवार का आरोप है कि रेखा जल्द पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराकर मामले को सड़क हादसा साबित करना चाहती थी।
- अंतिम संस्कार से पहले रख दी हर महीने खर्च देने की शर्त: परिवार का आरोप है कि पोस्टमार्टम के बाद रेखा ने कहा कि अंतिम संस्कार तभी करेगी, जब पिंका का परिवार उसे हर महीने खर्च देने का वादा करेगा। परिवार उस समय तैयार हो गया। परिवार ने कहा कि इसके बारे में बाद में बैठकर बात कर लेंगे। अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन इसी घटना के बाद उनका शक और गहरा गया।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पलट दिया पूरा केस: कुछ दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि पिंका सिंह की मौत सड़क हादसे में नहीं, बल्कि सिर पर भारी और घातक चोट लगने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी सबूतों को दोबारा खंगाला। जांच में सामने आया कि रेखा, उसके प्रेमी चांद और तीन अन्य साथियों ने पूरी साजिश रचकर पिंका की हत्या की और शव को कार में रखकर हादसा दिखाने की कोशिश की।

जानिए, पिंका की हत्या कैसे हुई… पुलिस के मुताबिक 12 मई को पिंका घर से काला नंगल नेशनल हाइवे पर दुकान लगाने के लिए निकला था। परिवार का ये भी आरोप है कि सुबह 9 बजे निकलने से पहले पिंका ने रेखा को बताया था कि वो कहां जाने वाला है। रेखा ने बाकी आरोपियों को इसके बारे में बता दिया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे रास्ते में पड़ते गांव गिल्लावाली के पास सुनसान रास्ते पर घेरा। परिवार का आरोप है कि चांद ने लोहे की रॉड से पिंका के सिर पर वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई। कत्ल के बाद आरोपियों ने पिंका का शव वापस कार में ही रख दिया। गाड़ी में थोड़ी तोड़फोड़ भी की, ताकि इसे हादसे बताया जा सके
रेखा बोली- प्रेमी की बातों में आकर अपना परिवार उजाड़ लिया गिरफ्तारी के बाद मीडिया के सामने रेखा ने स्वीकार किया कि चांद लगातार पिंका को रास्ते से हटाने की बात करता था। पहले वह तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में उसकी बातों में आ गई। उसने यह भी माना कि हत्या के लिए 40 हजार रुपए की सुपारी तय हुई थी। 20 हजार रुपए पहले दिए गए थे, जबकि बाकी 20 हजार अभी मिलने थे। रेखा ने कहा, “मैं चांद की बातों में आकर अपना परिवार उजाड़ लिया।”
पांच आरोपी गिरफ्तार, हत्या और साजिश का केस दर्ज थाना सदर बटाला के एसआई बिक्रम सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता राजा सिंह के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर रेखा, चांद, सोना मसीह, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और नवजोत सिंह उर्फ लव के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

**************
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब में ऑनर किलिंग से लवस्टोरी का द एंड: साथ पले-बढ़े, 6 साल पहले प्यार; डेढ़ माह पहले शादी, फरीदकोट में 6 बार चाकू मारकर हत्या

फरीदकोट में ऑनर किलिंग ने जगदीप सिंह और महकदीप कौर की 6 साल की लव स्टोरी का द एंड कर दिया। वकील सिंह ने जगदीप के सामने अपनी बेटी महकदीप के पेट में चाकू से एक के बाद एक 6 वार किए। (पढ़ें पूरी खबर)