पीलीभीत में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार:झोपड़ी से उठाकर बुजुर्ग को पीटा, इलाज के दौरान मौत; FIR


पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के वैदखेड़ा गांव में अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक बुजुर्ग की गुरुवार देर शाम जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक के भतीजे धरमवीर ने बीसलपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि उनके ताऊ नरायन लाल बुधवार रात अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उन्हें जबरन उठाकर गांव के बाहर ले गए। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल नरायन लाल किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *