सुजीत कुमार | बलरामपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में किसान कल्याण विभाग के एकीकृत कीटनाशक प्रबंधन प्रणाली (IPMS) पोर्टल पर निर्धारित समय तक पंजीकरण न कराने वाले 107 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। विभाग ने सभी कीटनाशक विक्रेताओं के लिए पोर्टल पर लाइसेंस पंजीकरण अनिवार्य किया था।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि जिले की तीनों तहसीलों में करीब 650 कीटनाशक विक्रेता पंजीकृत हैं। इनमें से 107 विक्रेताओं को कई बार सूचना और अंतिम नोटिस जारी किया गया था। उन्हें पंजीकरण के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन तय अवधि तक उन्होंने IPMS पोर्टल पर लाइसेंस का पंजीकरण नहीं कराया।
107 विक्रेताओं के लाइसेंस किए गए निलंबित
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार सभी 107 कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित विक्रेताओं को इसकी जानकारी भी दे दी गई है।
अधिकांश दुकानदारों ने दुकान बंद होने की दी सूचना
जिला कृषि रक्षा अधिकारी के अनुसार, विभाग को यह भी सूचना मिली है कि जिन विक्रेताओं पर कार्रवाई हुई है, उनमें से अधिकांश ने फिलहाल अपनी दुकानें संचालित न करने की जानकारी दी है।
कृषि विभाग ने शेष कीटनाशक विक्रेताओं से अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते IPMS पोर्टल पर पंजीकरण सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें।
