शाहजहांपुर में बारिश से फसल बर्बाद:सांसद ने सीएम से मांगा मुआवजा, बोले- बोले-सरकार किसानों के साथ खड़ी है


शाहजहांपुर में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश, आंधी और तूफान से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। भाजपा सांसद अरुण सागर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है। सांसद ने बताया कि आंधी और भारी बारिश से धान, गन्ना समेत अन्य फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलभराव के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। कई घरों में पानी घुस गया है, जबकि कच्ची दीवारें गिर गई हैं। बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित होने के साथ बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। अरुण सागर ने मुख्यमंत्री से प्रशासन को तत्काल निर्देश देने का अनुरोध किया है। उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग की टीमों से फसलों के नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था, राहत सामग्री उपलब्ध कराने और धान खरीद के नियमों में छूट देने की भी अपील की। सांसद ने कहा कि किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही 24 घंटे के अंदर सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *