Bahraich Rakshabandhan 2026 | Sisters Tie Rakhi to Brothers

अनुराग पाठक | बहराइच2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बहराइच जिले में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का यह प्रतीक पर्व घरों में सुबह से ही उत्साह लेकर आया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।

पर्व के चलते शहर के बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी काफी चहल-पहल देखी गई। मिठाई और राखी की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।

रक्षाबंधन के कारण रोडवेज बस स्टैंड पर सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के जिलों में रहने वाले भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें गोंडा, बलरामपुर और अन्य स्थानों के लिए बसों से रवाना हुईं। यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण महिलाओं को बसों में चढ़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दूसरी ओर, जिला कारागार में बंदियों को राखी बांधने के लिए भी बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। कारागार के बाहर वे अपनी बारी का इंतजार करती दिखीं। इन महिलाओं में मुस्लिम समुदाय की बहनें भी शामिल थीं, जिन्होंने अपने भाइयों को राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिला कारागार में 737 बंदी निरुद्ध हैं। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जेल प्रशासन ने महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं, ताकि उन्हें राखी बांधने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *