Baghpat Sewer Line Damage | Farmer Crop Loss BKU Akhand Protest

रोशन | बागपत9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बागपत में सीवर लाइन टूटने से एक किसान की फसल बर्बाद हो गई है। इस मामले में भारतीय किसान यूनियन (अखंड) ने पीड़ित किसान का समर्थन किया है। संगठन ने जल निगम के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर दोषियों पर कार्रवाई और किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।भारतीय किसान यूनियन (अखंड) के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कसाना और जिला संगठन मंत्री दिलशाद खान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने किसान वलीदीन के साथ जल निगम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

किसान वलीदीन, जो पुराना कस्बा बागपत के निवासी हैं, ने बताया कि मौजा बागपत खुर्द स्थित उनकी कृषि भूमि में जल निगम की क्षतिग्रस्त सीवर लाइन से लगातार गंदा पानी भर रहा था।इस कारण करीब 12 बीघा में बोई गई मिर्च की पूरी फसल नष्ट हो गई। किसान का दावा है कि इस घटना से उसे लगभग 8 से 9 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

भारतीय किसान यूनियन ने अधिकारियों के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को तत्काल ठीक कराने, फसल के नुकसान का सर्वे कराने, दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और प्रभावित किसान को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने की मांग शामिल है।

इसके बाद संगठन के पदाधिकारी किसान के साथ कोतवाली बागपत पहुंचे, जहां संबंधित ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। संगठन का कहना है कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।भारतीय किसान यूनियन (अखंड) ने चेतावनी दी है कि यदि किसान को जल्द न्याय और मुआवजा नहीं मिला तो संगठन किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *