AU के प्रोफेसर पर डंडे-ईंट से हमला:प्रयागराज में पैतृक मकान में हिस्से को लेकर विवाद में घटना, 6 लोगों के खिलाफ FIR


प्रयागराज के कर्नलगंज में पैतृक मकान में हिस्से को लेकर विवाद के दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद लाल के साथ मारपीट की गई। उनकी तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने ललिता देवी, उनके बेटे सिद्धांत समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रोफेसर ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उन्हें चप्पल और डंडे से पीटा, ईंट लेकर दौड़ाया और ईंट से हमला भी किया। घटना का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
डॉ. दिनेश चंद लाल के मुताबिक उनके पिता पंचलाल और मां तारा देवी के नाम से कर्नलगंज और कटरा क्षेत्र में चार पैतृक मकान हैं। परिवार के सदस्य इन मकानों में लंबे समय से अपने-अपने हिस्से का इस्तेमाल करते रहे हैं। आरोप है कि इन मकानों पर ललिता देवी ने कब्जा कर रखा है और वहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल संचालित किया जा रहा है। धार्मिक कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे घर
प्रोफेसर ने पुलिस को बताया कि परिवार में उनकी बहन पूनम की मृत्यु के बाद धार्मिक क्रिया-कर्म के सिलसिले में वह अपनी भाभी मंजूरानी और बहनों के साथ पैतृक मकान पहुंचे थे। जिस कमरे का उनके पिता के समय से परिवार के लोग इस्तेमाल करते आ रहे थे, उस पर ललिता देवी ने कथित तौर पर ताला लगा दिया था। कमरे का ताला खोलने के लिए कहने पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि ललिता देवी, उनके बेटे सिद्धांत, मकान में रहने वाले कुछ छात्र-छात्राओं और उनके सहयोगियों प्यारेलाल, कृष्ण कुमार, राजबहादुर मौर्या व जानू शर्मा ने प्रोफेसर और उनके परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ईंट लेकर दौड़ाया, हमला करने का आरोप
तहरीर के मुताबिक आरोपितों ने प्रोफेसर को चप्पल और डंडे से पीटा। इसके बाद ईंट लेकर उन्हें दौड़ाया गया और ईंट से प्रहार भी किया गया, जिससे उन्हें चोट आई। प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि हमलावरों की कोशिश गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने की थी। उन्होंने घटना का वीडियो पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। कर्नलगंज थाने में पहले भी दी थी शिकायत
डॉ. दिनेश चंद लाल का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने कर्नलगंज थाने में शिकायती पत्र दिया था, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने अब मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हॉस्टल चलाने और अन्य संपत्तियों पर कब्जे का भी आरोप
प्रोफेसर ने ललिता देवी पर कर्नलगंज के चारों पैतृक मकानों में हॉस्टल संचालित करने और किराये की रकम खुद लेने का भी आरोप लगाया है। उनका यह भी आरोप है कि डांडी, प्रयागराज स्थित पैतृक गेस्ट हाउस, जमीन और मकान पर भी कब्जा किया गया है। तहरीर में कहा गया है कि इन संपत्तियों में प्रोफेसर और उनके भाई-बहनों के नाम दर्ज हैं, इसके बावजूद उन्हें हिस्सा नहीं दिया जा रहा है।
कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। घटना से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। विवेचना के बाद आरोपों की पुष्टि के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *