![]()
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के विदेशी भाषा विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र कृष्णा शर्मा की मौत के मामले में पिता ने एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि युवती ने कृष्णा को ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था। उन्होंने युवती के मोबाइल और कृष्णा के फोन की चैट की जांच कराने की मांग की है। कृष्णा का शव 28 अगस्त को सिविल लाइंस क्षेत्र के निजी पीजी के कमरे में मिला था। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला था। मोबाइल फोन को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पिता बोले- युवती से थी बेटे की दोस्ती कृष्णा के पिता भाजपा नेता विक्रांत शर्मा ने बताया कि जिस युवती का नाम सामने आ रहा है, वह जम्मू में बीडीएस की छात्रा है। दोनों के बीच दोस्ती थी। युवती कुछ समय तक उनके यहां किराए पर भी रही थी। पिता के मुताबिक, जब उन्हें दोनों की दोस्ती के बारे में पता चला तो उन्होंने युवती को घर से किराए पर रहने से हटा दिया था। उनका आरोप है कि उन्हें आशंका थी कि युवती उनके बेटे का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि वह अलीगढ़ आकर पुलिस में शिकायत करेंगे और युवती से पूछताछ के साथ उसके मोबाइल की जांच कराने की मांग करेंगे। मौत से पहले सुबह 4 बजे संदेश भेजने का दावा पिता ने दावा किया कि आत्महत्या से पहले गुरुवार सुबह करीब 4 बजे कृष्णा ने युवती को संदेश भेजा था। इसमें उसने युवती से बात नहीं करने और उसे ब्लॉक करने को लेकर सवाल किए थे। पिता के अनुसार, कृष्णा ने संदेश में अपनी मानसिक स्थिति और आत्महत्या के विचारों का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि इस संदेश और पूरी चैट की जांच से पता चल सकता है कि उस समय कृष्णा किस स्थिति से गुजर रहा था। ‘तीसरी मंजिल पर बैठा हूं…’ पिता का दावा है कि कृष्णा के संदेश में यह भी लिखा था कि वह तीसरी मंजिल पर बैठा है और वहां से आत्महत्या करने के बारे में सोच रहा है। बाद में उसने किसी दूसरे तरीके से आत्महत्या करने की बात लिखी। पिता के मुताबिक, इन संदेशों की जांच से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि कृष्णा पर किसी व्यक्ति या परिस्थिति का दबाव था या नहीं। ‘आई लव माय पापा, मम्मा…’ लिखने का दावा विक्रांत शर्मा के मुताबिक, बेटे ने अंतिम संदेश में परिवार के प्रति अपना प्यार भी जताया था। उसने पिता, मां, बहन और दादी का जिक्र किया था। पिता ने कहा कि कृष्णा परिवार से बहुत जुड़ा हुआ था। वह उनके लिए सिर्फ बेटा नहीं, बल्कि दोस्त जैसा था। पुलिस के कब्जे में मौजूद कथित सुसाइड नोट में भी परिवार के प्रति प्रेम और खुद को लेकर निराशा की बात सामने आने का दावा किया गया है। मौत से कुछ घंटे पहले पिता से हुई थी वीडियो कॉल पिता ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले रात करीब 10 बजे उनकी कृष्णा से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। बातचीत सामान्य थी। बेटे ने हालचाल पूछा और खाने-पीने के बारे में बात की। पिता के मुताबिक, उस दिन उनका व्रत था। इसलिए दाल-चावल और खाने को लेकर भी बात हुई। कृष्णा ने बताया था कि वह पीजी में है और बाहर से खाना खाकर आया है। बातचीत में उसने ऐसी कोई बात नहीं कही, जिससे उन्हें किसी अनहोनी का अंदाजा हो। 15 अगस्त को जम्मू से अलीगढ़ लौटा था पिता के मुताबिक, कृष्णा 15 अगस्त को जम्मू से अलीगढ़ आया था। उन्होंने उसे रक्षाबंधन के बाद घर लौटने को कहा था। लेकिन कृष्णा ने काउंसलिंग और विषय चयन की प्रक्रिया का हवाला देकर अलीगढ़ में रुकने की बात कही थी। उसने पिता को काउंसलिंग से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए थे। टिकट कराने के लिए कहने पर भी उसने विश्वविद्यालय की प्रक्रिया पूरी होने तक रुकने की बात कही थी। युवती ने फोन कर पूछा- कृष्णा बात क्यों नहीं कर रहा? पिता ने दावा किया कि कृष्णा की मौत की जानकारी मिलने के बाद जब वह दिल्ली के लिए निकल रहे थे, तभी युवती का फोन आया। पिता के अनुसार, युवती ने कहा कि वह कृष्णा से बात करना चाहती है और पूछा कि वह उसका फोन क्यों नहीं उठा रहा। पिता ने उसे बताया कि कृष्णा की मौत हो चुकी है। उनके मुताबिक, युवती ने उनकी बात पर विश्वास नहीं किया और कहा कि वह झूठ बोल रहे हैं। इसके बाद पिता ने उससे पूछा कि कृष्णा ने ऐसा कदम क्यों उठाया और दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी। पिता का दावा है कि इसी दौरान युवती ने कृष्णा को ब्लॉक करने की बात स्वीकार की। पिता बोले- ‘अगर ब्लॉक करना था तो पहले कर देती’ विक्रांत शर्मा ने कहा कि अगर युवती को कृष्णा से दोस्ती खत्म करनी थी तो वह उसे पहले भी ब्लॉक कर सकती थी। उनका कहना है कि उस समय कृष्णा करीब दो महीने जम्मू में था और परिवार उसके साथ था। पिता के मुताबिक, कृष्णा कम उम्र का था और भावनात्मक रूप से किसी रिश्ते से जुड़ा था। इसलिए रिश्ता टूटने का असर वह आसानी से नहीं संभाल सका। ब्लैकमेल की आशंका भी जताई, लेकिन जांच की बात कही पिता ने आशंका जताई कि कृष्णा को लग रहा था कि युवती उसका इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दोनों के बीच विवाद होने की संभावना भी जताई। उन्होंने ब्लैकमेल की आशंका का भी जिक्र किया, लेकिन इसे केवल संभावना बताया। उनका कहना है कि असली सच्चाई मोबाइल चैट, कॉल विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही सामने आएगी। बैंक खाते और एफडी को लेकर भी सवाल कृष्णा के पिता ने उसके बैंक खाते और एफडी को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि बैंक खाते में अब कोई रकम नहीं बची थी और करीब 25 हजार रुपए की एफडी थी। उन्होंने कहा कि इस रकम से जुड़े मामले की भी जांच होनी चाहिए। इस संबंध में उनके पास कुछ जानकारी है, जिसे वह पुलिस के सामने रखेंगे। पिता बोले- फोन खुला तो कई सवालों के जवाब मिलेंगे पिता का कहना है कि कृष्णा का मोबाइल इस मामले की अहम कड़ी है। फोन में मौजूद चैट, कॉल रिकॉर्ड और दूसरी डिजिटल सामग्री से पता चल सकता है कि मौत से पहले वह किससे संपर्क में था और किन परिस्थितियों से गुजर रहा था। पुलिस पहले ही मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में ले चुकी है। पुलिस बोली- मोबाइल समेत अन्य जांच जारी पिता ने स्पष्ट किया है कि वह अलीगढ़ आकर पुलिस से शिकायत करेंगे। वह युवती से पूछताछ, उसके मोबाइल की जांच और कृष्णा के फोन की फोरेंसिक जांच की मांग करेंगे। फिलहाल पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि कृष्णा और युवती के बीच वास्तव में क्या विवाद हुआ था, उसे ब्लॉक क्यों किया गया और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी। सीओ तृतीय सर्वम सिंह के अनुसार, मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच अभी जारी है।
Source link
AMU छात्र के सुसाइड का मामला:पिता का दावा-मौत से पहले बेटे ने युवती को किया था मेसेज, जांच से खुलेगा राज