![]()
ललितपुर में बुधवार दोपहर मूंग की फसल में सिंचाई करते समय एक किसान कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजन शव को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर पुलिस को सूचना दी। यह घटना महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खितवांस में हुई। मृतक की पहचान श्रीपाल (28) बुनकर पुत्र लल्लू के रूप में हुई है। श्रीपाल बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने खेत पर सिंचाई के लिए गया था। लगभग ढाई बजे जब परिजन खेत पर पहुंचे, तो वह वहां नहीं मिला। खोजबीन के दौरान उसका शव खेत में स्थित कुएं के पानी में तैरता हुआ पाया गया। मृतक के छोटे भाई अजय ने बताया कि श्रीपाल चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वह खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि भीषण गर्मी के कारण श्रीपाल को कुएं के पास चक्कर आ गया होगा, जिससे वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक ने जानकारी दी कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Source link
ललितपुर में कुएं में गिरने से युवक की मौत:परिजनों ने जताई गर्मी के चलते चक्कर आने से कुएं में गिरने की आशंका