![]()
प्रयागराज में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को संसद में पारित न होने देने के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला आरक्षण से जुड़े इस अधिनियम के समर्थन में किया गया। कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली। सुभाष चौराहे पर पहुंचकर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद इन नेताओं के प्रतीकात्मक पुतले फूंके गए। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इसे राजनीतिक स्वार्थ का मुद्दा बना दिया। कार्यकर्ताओं के अनुसार, जब महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का अवसर आया, तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने इसका समर्थन करने के बजाय बाधा उत्पन्न की। उन्होंने आगे कहा कि यह अधिनियम केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक, सामाजिक और निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी का अधिकार दिलाने का माध्यम है। इसके लागू होने से महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर मिलेंगे और देश के विकास को गति मिलेगी। महिला मोर्चा की अन्य नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल वर्षों से महिला अधिकारों की बात करते रहे हैं, वही आज इस महत्वपूर्ण विधेयक के रास्ते में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला मोर्चा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा और ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ को अभियान के रूप में हर जिले, मंडल और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा।
Source link
प्रयागराज में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन:राहुल, अखिलेश, ममता का पुतला फूंका, 33% आरक्षण की मांग