बरेली में ताजुश्शरिया के उर्स की तैयारियां अंतिम चरम में:24 और 25 अप्रैल को उमड़ेगा अकीदतमंदों का सैलाब, जामियातुर्रजा और दरगाह आला हजरत पर जुटेंगे दुनियाभर के मुरीद


बरेली शरीफ में सुन्नी मरकज के बड़े धर्मगुरु मुफ्ती मुहम्मद अख्तर रज़ा खां कादरी (ताजुश्शरिया) का 8वां उर्स आगामी 24 और 25 अप्रैल को पूरी अकीदत के साथ मनाया जाएगा। उर्स की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा खां की सरपरस्ती में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय उर्स में देश-दुनिया से लाखों जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है। उर्स प्रभारी सलमान मियां और जमात रजा-ए-मुस्तफा के महासचिव फरमान हसन खान ने बताया कि बरेली की सरजमीं पर आने वाले तमाम आशिकाने ताजुश्शरिया का तहे दिल से खैर-मखदम किया जाएगा। पहला दिन: परचम कुशाई और मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल शरीफ
उर्स के पहले दिन यानी 24 अप्रैल को खानकाहे ताजुश्शरिया में फज्र की नमाज के बाद कुरआन ख्वानी और नात-ओ-मनकबत के साथ उर्स का आगाज होगा। इसी दौरान परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। रात में जामियातुर्रजा में उलेमा-ए-किराम के खिताब होंगे और देर रात 1 बजकर 40 मिनट पर मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल शरीफ होगा। दूसरा दिन: ताजुश्शरिया के कुल शरीफ के साथ होगा उर्स का समापन
25 अप्रैल को खानकाहे ताजुश्शरिया में सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर मुफस्सिरे आजम का कुल शरीफ होगा। उर्स का मुख्य कार्यक्रम जामियातुर्रजा में दोपहर की नमाज के बाद शुरू होगा। यहां नातिया कलाम और उलेमाओं के संबोधन के बाद शाम 7 बजकर 14 मिनट पर हुजूर ताजुश्शरिया का कुल शरीफ पढ़ा जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक और तैयारी के दौरान सैयद अजीम उद्दीन, मौलाना शम्स, डॉ. मेहंदी, हाफिज इकराम, मोइन खान, अब्दुल्लाह रजा़ खां सहित कई गणमान्य लोग और उर्स कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *