सहारनपुर में फर्जी लेटर पैड से स्कॉर्ट लेने वाला गिरफ्तार:आरोपी VIP बनकर अधिकारियों को कर रहा था गुमराह


सहारनपुर पुलिस ने फर्जी लेटर पैड का उपयोग कर पुलिस स्कॉर्ट हासिल करने की कोशिश करने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने सोमवार को आरोपी अनस को दबोचा। इस कार्रवाई से प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अनस, पुत्र यासीन, निवासी गांव मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर, फर्जी लेटर पैड तैयार कर लोगों पर दबाव बनाता था और सरकारी व्यवस्था को गुमराह करता था। वह भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के नाम से नकली लेटर पैड बनाकर अधिकारियों व संस्थानों को भ्रमित करता था, जिससे वह अपनी पहुंच और प्रभाव का झूठा प्रदर्शन कर सके। इस मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब आरोपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन दौरे के दौरान भी फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पुलिस स्कॉर्ट लेने का प्रयास किया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि ऐसी साजिशें वीआईपी मूवमेंट के दौरान बड़ी सुरक्षा चूक का कारण बन सकती हैं। इस पूरे मामले में थाना कोतवाली देहात में एसआई नरेंद्र भडाना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाध्यक्ष देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर सोमवार को बेहट रोड स्थित गोयल ढाबे के पास दबिश देकर आरोपी अनस को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जो फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग कर रहे हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई संजय कुमार राणा, हेड कांस्टेबल सनोवर ताज और कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि सरकारी पद, दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *