अवैध बेसमेंट खुदाई से मकान झुका:बरेली में तीन मंजिला इमारत में दरारें, प्रशासन ने खाली कराया लगाया भवन क्षतिग्रस्त का बोर्ड


बरेली के सिविल लाइन्स स्थित चौपुला रोड पर एक तीन मंजिला मकान बेसमेंट की खुदाई के कारण झुक गया। पड़ोसी प्लॉट में चल रही खुदाई से मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे उसमें दरारें आ गईं। प्रशासन ने एहतियातन मकान को खाली करा दिया है। मकान मालिक रविंद्र सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल की रात पड़ोसी प्लॉट में भारी मशीनों से खुदाई की गई थी। अगली सुबह परिवार ने मकान की दीवारों में चौड़ी दरारें देखीं और पाया कि इमारत एक ओर झुक गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने तुरंत घर खाली कर अपनी जान बचाई। पीड़ित की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और मकान को पूरी तरह खाली करा दिया। एहतियातन, मकान की ओर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है और मौके पर “भवन क्षतिग्रस्त” का बोर्ड भी लगाया गया है ताकि कोई अंदर न जाए। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है, क्योंकि अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। आरोप है कि पड़ोसी द्वारा बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बेसमेंट की खुदाई कराई जा रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *