चंदौली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली पदयात्रा:नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हुआ आयोजन


चंदौली जिला मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा भाजपा कार्यालय से शुरू होकर मुख्यालय का भ्रमण करते हुए वापस कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। इस पदयात्रा में भाजपा के पुरुष और महिला कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। पदयात्रा के समापन के बाद एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने महिला आरक्षण कानून लागू करने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सशक्त नारी, सशक्त भारत के अभियान को गति प्रदान की है। राजनीतिक भागीदारी का अधिकार भी प्राप्त होगा सिंह ने आगे कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं को न सिर्फ सम्मान का अवसर मिलेगा, बल्कि निर्णय लेने की शक्ति और राजनीतिक भागीदारी का अधिकार भी प्राप्त होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं सृजन, निर्माण, जीवटता और साहस की प्रतीक हैं। भारत में नारी शक्ति को हमेशा देवी के स्वरूप में देखा जाता है। केंद्र सरकार की इस पहल से देश की आधी आबादी की आर्थिक और सामाजिक स्थिति और भी मजबूत होगी, जिससे समाज में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। इस अवसर पर किरण शर्मा, प्रियंका तिवारी, ज्योति जायसवाल, सुषमा गिरी, मालती गुप्ता, रेनू तिवारी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *