![]()
देवरिया जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे विद्यालयों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। देसही देवरिया ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गोपाल मिश्र ने निरीक्षण के दौरान दो स्कूलों पर कुल 40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। शशि चंद्र प्राथमिक विद्यालय, बैजनाथपुर को कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता प्राप्त थी, लेकिन वहां कक्षा 8 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी। इसके अतिरिक्त, विद्यालय को स्वीकृत स्थान के बजाय किसी अन्य जगह से संचालित किया जा रहा था। इस विद्यालय को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी क्रम में एसएमआर पब्लिक स्कूल, आनंदनगर (बरवांमीर) कक्षा 1 से 8 तक बिना किसी मान्यता के संचालित पाया गया। इस पर 25.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, एमआर इंडियन पब्लिक स्कूल भी बिना मान्यता के कक्षा 1 से 5 तक संचालित हो रहा था, जिस पर 15.50 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। बीईओ ने दोनों अवैध स्कूलों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इन विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में कराने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना मान्यता के स्कूल चलाना पूरी तरह गैरकानूनी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। चेतावनी के बावजूद कुछ स्कूल संचालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
देवरिया में बिना मान्यता वाले स्कूलों पर कार्रवाई:बीईओ ने दो विद्यालयों पर 40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया