![]()
अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के बहबरमऊ गांव में पुस्तैनी जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:00 बजे की बताई जा रही है। बहबरमऊ गांव निवासी घनश्याम कौशल और सुरेश कौशल के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि सुरेश कौशल अपने सहयोगी आशीष कौशल के साथ मिलकर घनश्याम की जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से निर्माण कार्य कर रहे थे। घनश्याम कौशल के अनुसार, जब उनकी पत्नी ने इस निर्माण का विरोध किया तो विपक्षी पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद एक लड़की ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक दुकान पर पहुंचकर दुकानदार से धक्का-मुक्की करता है। कुछ ही देर में एक और युवक मौके पर पहुंचता है, जिसके बाद विवाद और बढ़ जाता है और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगती है। इस झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घनश्याम कौशल, उनकी पत्नी और बेटी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पीड़ित घनश्याम कौशल ने कुमारगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कुमारगंज में दो पक्ष भिड़े:जमीन को लेकर चल रहा विवाद, केस दर्ज