मथुरा में पति से झगड़ा, पत्नी की मौत:मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, दो बच्चों की मां ने अस्पताल में तोड़ा दम


मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की हंसराज कॉलोनी में देर रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान प्रीति (पत्नी लेखराज) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राल गांव की रहने वाली थी और वर्तमान में हंसराज कॉलोनी में रह रही थी। उसकी शादी वर्ष 2013 में लेखराज से हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति के शराब सेवन और कथित गलत गतिविधियों के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि बीती रात पति-पत्नी के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि पति ने नशे की हालत में प्रीति के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद परिजन महिला को तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *