![]()
अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) ने गुरुवार को देवरिया जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन ने अमेरिका-इजराइल की नीतियों, वैश्विक शांति और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। धरना-प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल की नीतियों का विरोध करना, ईरान के साथ संघर्ष के स्थायी समाधान की मांग करना और विश्व शांति की स्थापना पर जोर देना रहा। घरेलू मोर्चे पर, कार्यकर्ताओं ने एलपीजी गैस की कमी और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर भी अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने इन समस्याओं को आम जनता के लिए बड़ी चुनौती बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) नेता शिवाजी राय ने वर्तमान वैश्विक हालात को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति आम लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है और भारत सरकार से शांति की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। वहीं, ऐपवा के जिला सचिव श्रीराम कुशवाहा ने महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को आम जनता के लिए गंभीर समस्या बताते हुए सरकार से तत्काल राहत प्रदान करने की अपील की। ऐपवा नेता गीता पांडेय, आजाद हिंद सेना के अध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय और कांग्रेस महिला सभा की जिला उपाध्यक्ष जुलेखा खातून ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। इस धरना-प्रदर्शन में नीलम सिंह, पूनम यादव, सुमन सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सुमिला राय, सविता सिंह, शोभा, उर्मिला, मीना, मीरा, सुनैना, रानी, नंदिनी, डॉ. राजीव राम, अनिल, शहीद खान और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इसमें भागीदारी निभाई। धरना समाप्त होने के बाद, एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link
ऐपवा का देवरिया में धरना-प्रदर्शन:राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा, वैश्विक शांति और महंगाई पर उठाई आवाज