![]()
देवरिया पुलिस अब पारंपरिक तरीकों से हटकर डिजिटल प्रशिक्षण अपना रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की पहल पर पुलिस अधिकारियों, जांच अधिकारियों और जवानों के लिए i-GOT कर्मयोगी पोर्टल पर ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। गोरखपुर के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों और थानेदारों से चर्चा की। इस पोर्टल पर लगभग 16 अध्याय उपलब्ध हैं, जिनमें सरकारी कर्मचारियों की आचार संहिता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नई तकनीकों का उपयोग, मिशन लाइफ ओरिएंटेशन, योगा ब्रेक और तनाव प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। इसका लक्ष्य पुलिसकर्मियों को पेशेवर रूप से दक्ष बनाना और उनकी कार्यशैली व संवेदनशीलता में सुधार लाना है।
यह प्रशिक्षण मोबाइल फोन के माध्यम से कभी भी और कहीं भी पूरा किया जा सकता है। जिले में इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय-सीमा में इसे पूरा कर सकें। कई अधिकारी और जवान पहले ही यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने अपराध नियंत्रण, निरोधात्मक कार्रवाई, मिशन शक्ति फेज-5 और i-GOT कर्मयोगी कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। महिला सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए डीआईजी ने निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी कहा। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि i-GOT कर्मयोगी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे पुलिसकर्मी नई तकनीकों और आधुनिक कार्यशैली से जुड़ रहे हैं, जिससे उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक के साथ सभी थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी उपस्थित थे।
Source link
देवरिया पुलिस का डिजिटल प्रशिक्षण की ओर कदम:i-GOT कर्मयोगी पोर्टल पर ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य, डीआईजी ने की समीक्षा