अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने चंद्रभानु पासवान ने अपने एक साल के कार्यकाल को विकास कार्यों से भरा बताया है। उनका कहना है कि सीमित समय में सड़क, बिजली, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कई योजनाएं धरातल पर उ
.
हालांकि, अपने काम का मूल्यांकन करने से उन्होंने साफ इनकार करते हुए कहा कि यह अधिकार सिर्फ जनता का है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायक ने अपने एक साल के काम, आगे की योजनाओं और 2027 के चुनाव को लेकर खुलकर बात की।

मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ।
सवाल: एक साल का कार्यकाल पूरा हुआ, खुद को कितना अंक देंगे?
जवाब: मैं अपने काम का अंक खुद नहीं दे सकता। यह अधिकार मिल्कीपुर की सम्मानित जनता का है। वही तय करेगी कि हमने कितना काम किया।
सवाल: एक साल में क्षेत्र में क्या प्रमुख काम हुए?
जवाब: जनता के आशीर्वाद से हमने कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। करीब 100 सड़कों का निर्माण कराया गया है, जिससे गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। इसके अलावा 50 और सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा। क्षेत्र में 100 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं और दो अन्त्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया गया है। बिजली की समस्या दूर करने के लिए 55 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जिससे लो वोल्टेज और कटौती की समस्या में सुधार आया है। पर्यटन के क्षेत्र में भी काम शुरू हुआ है। गहनाग बाबा स्थल के पुनर्निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। हैरिंग्टनगंज में स्टेडियम का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द उसका उद्घाटन होगा।

मिल्कीपुर विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किया था मुलाकात।
सवाल: हैरिंग्टनगंज का नाम बदलने का वादा किया था, उस पर क्या प्रगति है?
जवाब: हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर हैरिंग्टनगंज का नाम बदलने और उसे नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इस दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी हैं।
सवाल: कौन से काम अभी बाकी हैं, जिन्हें आगे पूरा करना है?
जवाब: हमने ट्रामा सेंटर की स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और अयोध्या की बढ़ती आवाजाही के कारण यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए इसकी जरूरत है। इसके अलावा क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस बनाने का भी प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
सवाल: 2027 के चुनाव को लेकर क्या उम्मीद है?
जवाब: पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। मुझे विश्वास है कि पार्टी दोबारा मौका देगी और जनता का आशीर्वाद भी मिलेगा।

विधायक ने एक वर्षों में क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य करने का दावा किया है।
सवाल: पूर्व विधायक के साथ मतभेद की चर्चा है?
जवाब: ऐसा कुछ नहीं है। सभी लोग पार्टी और क्षेत्र की जनता के लिए काम कर रहे हैं।
सवाल: यूजीसी विवाद और रसोई गैस की किल्लत पर आपकी क्या राय है?
जवाब: यूजीसी का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद समाप्त हो चुका है। जहां तक गैस की किल्लत की बात है, यह केवल अफवाह है। देश और प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में गैस और तेल उपलब्ध है। लोगों से अपील है कि भ्रमित न हों।
मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान अपने एक साल के कार्यकाल को विकास के नजरिए से सफल मानते हैं। बुनियादी ढांचे पर फोकस के साथ उन्होंने कई योजनाओं को जमीन पर उतारने का दावा किया है, जबकि कुछ बड़ी योजनाएं अभी प्रस्ताव के स्तर पर हैं। अब उनके काम का असली मूल्यांकन आने वाले समय में जनता ही करेगी।