दो सड़क हादसों में युवक और वृद्धा की मौत:पिकअप की टक्कर से पैदल जा रहा युवक मरा, बोलेरो हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा


मऊ में मंगलवार को दो सड़क हादसों में एक युवक और बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मधुबन-घोसी मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, कोपागंज-कसारा मार्ग पर बोलेरो की टक्कर से 70 साल की महिला ने दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पिकअप की टक्कर से युवक की मौत मधुबन थाना क्षेत्र के कमधेनवा गांव निवासी 30 साल के मुकेश मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सिपाह इब्राहिमाबाद बाजार के पास सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान घोसी की ओर से मधुबन जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मुकेश सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सिपाह इब्राहिमाबाद चौकी प्रभारी अभिषेक मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार चालक और पिकअप की तलाश कर रही है। बोलेरो की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत दूसरा हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे कोपागंज थाना क्षेत्र के कोपा कोहना में हुआ। 70 साल की केवली देवी पत्नी परमहंस किसी काम से जयरामगढ़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कोपागंज से कसारा की ओर जा रही बोलेरो ने सुभाष यादव के घर के पास उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में केवली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शव रखकर ग्रामीणों ने किया हंगामा महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क किनारे रखकर विरोध जताया। शाम 7 बजे तक हंगामा होने की सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोपागंज थाना प्रभारी रोहन राकेश सिंह के अनुसार, मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *