![]()
हरदोई जनपद के बिलग्राम पुलिस ने किसान मोहनलाल की हत्या के मामले में वांछित और फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजय कुमार उर्फ पप्पू यादव को गुड़गांव (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया है। आईजी लखनऊ परिक्षेत्र की ओर से आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने गुप्त सूचना और सर्विलांस के आधार पर हरियाणा में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। इस संबंध में एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने सोमवार की शाम 5:20 पर जानकारी दी है। घटना 31 जनवरी 2025 की है, जब बेरुआ निजामपुर गांव के निवासी मोहनलाल शाम को खेत के पास अपने बंगले पर सोने गए थे। अगली सुबह उनका शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। मृतक के पुत्र राजीव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के 04 लोगों के खिलाफ मु0अ0सं0 59/25 धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें विवेचना के दौरान धारा 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने पूर्व में ही एक अन्य नामजद आरोपी अमन कुमार पुत्र शैलेंद्र कुमार को 4 फरवरी 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। इसके बाद से मुख्य आरोपी अजय कुमार पुत्र मोतीलाल लगातार अपनी पहचान छिपाकर फरार चल रहा था, जिसे अब पुलिस टीम ने गुड़गांव से दबोच लिया है। इस सफलता को अंजाम देने वाली थाना बिलग्राम पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपनारायण पाण्डेय, कांस्टेबल आनन्द यादव और कांस्टेबल अभिषेक पाल शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
50 हजार का इनामी हत्यारोपी गुड़गांव से गिरफ्तार:बिलग्राम पुलिस ने किसान मोहनलाल हत्याकांड के वांछित अजय कुमार को दबोचा