नूरुल अली | कानपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के चकेरी क्षेत्र के पोखरपुर में चांदी के कारखाने से 18 किलो पाउडर चोरी हो गया। चोर छत में बने होल से रस्सी के सहारे नीचे उतरा और करीब 45 लाख रुपए का चांदी का पाउडर लेकर फरार हो गया।
पूरी वारदात कारखाने में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। चोरी के दौरान कारखाने में मौजूद दो कारीगरों को चोर की भनक लग गई थी, लेकिन हत्या के डर से वे बिस्तर पर पड़े रहे।
सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई हैं। आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
छत के होल से रस्सी बांधकर नीचे उतरा चोर
मूलरूप से महाराष्ट्र के रहने वाले नितिन तूपे नौबस्ता के संजय नगर में रहते हैं। वह पिछले दो साल से चकेरी के पोखरपुर स्थित पवन दालमील परिसर में चांदी रिफाइनिंग का कारखाना चला रहे हैं। उनका नया गंज स्थित स्वास्तिक टेंच ज्वेलरी से भी चांदी का कारोबार जुड़ा है।
नितिन के मुताबिक, वह रोज की तरह कारखाना बंद करके घर चले गए थे। इसी दौरान चोर छत में बने खुले होल से पिलर पर रस्सी बांधकर नीचे उतरा। इसके बाद कारखाने में रखा 18 किलो चांदी का पाउडर समेटा और पीछे के रास्ते से फरार हो गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई।
चोर की भनक लगी, हत्या के डर से नहीं उठे कारीगर
कारखाने में दो कारीगर काम करते हैं और वहीं रहते भी हैं। नितिन के मुताबिक, वारदात के दौरान दोनों को चोर की भनक लग गई थी, लेकिन उन्हें हत्या किए जाने का डर था। इस वजह से वे बिस्तर से नहीं उठे और सोने का नाटक करते रहे।
आरोपी के फरार होने के बाद कारीगरों ने घटना की जानकारी दी। पुलिस कारखाने से जुड़े लोगों और अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुरानी चांदी को रिफाइन करने का काम
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मुताबिक, नितिन तूपे के कारखाने में पुरानी चांदी को रिफाइन करके दोबारा इस्तेमाल के योग्य बनाया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत चांदी पाउडर के रूप में रखी गई थी।
चोरी की सूचना पर दो थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चकेरी के एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। वारदात के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
