CM के निर्देश पर विसर्जन जुलूस मार्ग देखने पहुंचे अधिकारी:बक्शीपुर से हर्बर्ट बांध तक पैदल चले; सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी दुर्गा प्रतिमा विजर्सन जुलूस के मार्ग का रविवार की रात निरीक्षण करने पहुंचे। बक्शीपुर से हर्बर्ट बांध और वहां से महेवा तक पैदल जाकर उन्होंने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीआईजी एस चनप्पा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डा. कौस्तुभ, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार व सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव ने पूरे रास्ते की व्यवस्था देखी। अधिकारियों ने बक्शीपुर से निरीक्षण शुरू किया। यहीं से शहर की अधिकतर दुर्गा प्रतिमाएं रेती, घंटाघर, बसंतपुर, हर्बर्ट बांध होते हुए राप्ती नदी के किनारे बनाए गए कृत्रिम तालाबों तक विसर्जन के लिए ले जायी जाती हैँ। इस रास्ते का अधिकांश हिस्सा विरासत गलियारे में पड़ता है। इस बार यह मार्ग पहले की तुलना में चौड़ा हो चुका है। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मार्ग पर बिजली के तार लटके नहीं होने चाहिए। वहां चल रहे कार्य को जल्द पूरा करने को भी कहा गया। दुकानदारों से भी निर्माण कार्य को तेज करने एवं विसर्जन जुलूस की तिथि के आसपास उसे रोकने को कहा गया है। सड़क को पूरा किया जाएगा। अधिकारियों ने आसपास स्थापित हो रही दुर्गा प्रतिमाओं के स्थल को भी देखा। दुर्गा पूजा समितियों से स्पष्ट कहा गया कि वे रास्ते पर प्रतिमा स्थापित न करें। दुर्गा पंडालों का अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया। सुरक्षा की दृष्टि से मलबा वहां से हटाने को कहा गया। हर्बर्ट बांध से मूर्ति विसर्जन स्थल की ओर जाने वाले रास्ते के बीच से बैरिकेडिंग भी हटाने पर विचार चल रहा है। ऐसा नहीं किया गया तो इधर से आने वाली प्रतिमाओं को ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से घुमाकर लाना होगा। इस प्रक्रिया में भयंकर जाम लगने की आशंका रहेगी। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने तथा पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जानिए मुख्यमंत्री ने क्या कहा था मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हैं। दोपहर में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सुरक्षा के उपाय करने को कहा गया था। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के मार्ग पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं करने का निर्देश भी दिया गया था। सीएम ने कहा था कि प्रतिमाएं सड़क पर न स्थापित की जाएं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *