![]()
सहारनपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता साहब सिंह सैनी ने कहा कि सैनी समाज अब राजनीतिक दलों के झूठे वादों के बहकावे में नहीं आएगा। समाज अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर सत्ता में बराबर की हिस्सेदारी लेकर रहेगा। राजनीतिक दलों ने लंबे समय तक समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है, लेकिन अब समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर जागरूक हो चुका है। उन्होंने कहा कि समाज को उसकी आबादी के अनुपात में राजनीतिक भागीदारी मिलनी चाहिए। वह रविवार दोपहर तीन बजे अंबाला रोड स्थित चंद्रलोक पैलेस में राष्ट्रीय सैनी सभा की जिला शाखा की ओर से आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सैनी, शाक्य, मौर्य और कुशवाहा समाज की आबादी करीब 15 प्रतिशत है। इसके बावजूद समाज को राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। यह स्थिति समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। साहब सिंह सैनी ने कहा कि अब समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी। जब तक समाज अपनी राजनीतिक ताकत को पहचानेगा नहीं और संगठित होकर अपनी मांग नहीं रखेगा, तब तक उसे अपेक्षित हिस्सेदारी मिलना मुश्किल है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और अपने हितों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। सभा के दौरान साहब सिंह सैनी ने भाजपा छोड़ने की अटकलों पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वह भाजपा में ही हैं और चाहते हैं कि आगामी चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व सैनी समाज की भावनाओं, अपेक्षाओं और राजनीतिक आकांक्षाओं को समझते हुए उसे उचित भागीदारी देगा। उन्होंने अपने संबोधन के जरिए यह संदेश भी दिया कि समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। समाज को केवल चुनाव के समय याद करने के बजाय उसे निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी उचित स्थान मिलना चाहिए।सभा में हुकम सिंह प्रधान, अमीश प्रधान, युवा नेता मयंक प्रताप सैनी और राष्ट्रीय सैनी सभा के जिलाध्यक्ष अनुज सैनी प्रधान ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने समाज के लोगों से राजनीतिक अधिकारों के लिए एकजुट रहने और अपनी ताकत पहचानने का आह्वान किया। सभा की अध्यक्षता हुकम सिंह सैनी तकीपुर ने की, जबकि संचालन अनुज प्रधान और चौधरी हुकम सिंह प्रधान ने संयुक्त रूप से किया।
Source link
सैनी समाज अब सत्ता में हिस्सेदारी लेकर रहेगा:सहारनपुर में पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी बोले- राजनीतिक दल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रहे