अखिलेश यादव, पुरवा से उदयराज यादव को ही टिकट देना:उन्नाव में भाजपा विधायक अनिल सिंह बोले- चाचा का टिकट काटा तो बर्दाश्त नहीं करेंगे


उन्नाव में पुरवा नगर के बस स्टॉप स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास रविवार को ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष और सरकारी की योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुरवा विधायक अनिल सिंह ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पुरवा से पूर्व विधायक उदयराज यादव को प्रत्याशी बनाने की अपील की। बोले- हमारे चाचा का टिकट काटना बर्दाश्त नहीं करेंगे विधायक अनिल सिंह ने कहा कि पुरवा क्षेत्र में सपा के कई स्थानीय नेता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में पार्टी को किसी बाहरी व्यक्ति के बजाय क्षेत्र के ही नेता को मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव से हमारी मांग है कि आगामी चुनाव में पूर्व विधायक उदयराज यादव को ही प्रत्याशी बनाया जाए। किसी बाहरी को टिकट न दिया जाए। उदयराज यादव हमारे गांव-पड़ोस के चाचा हैं। हम यह कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे कि हमारे चाचा का टिकट काट दिया जाए।” स्थानीय प्रत्याशी के समर्थन में अभियान चलाने की बात कही अनिल सिंह ने कहा कि पुरवा में सपा के कई नेता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बावजूद पार्टी किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट देती है तो इससे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होगी। उन्होंने कहा कि उदयराज यादव को टिकट दिलाने के लिए लोगों से अपील करेंगे और पार्टी नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास करेंगे। 2017 के चुनाव का उदाहरण देकर बताई स्थानीय प्रत्याशी की अहमियत विधायक ने 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी का मजबूत जनाधार नहीं माना जा रहा था, लेकिन पुरवा की जनता ने उन्हें स्थानीय प्रत्याशी होने के कारण समर्थन दिया। उनके मुताबिक, जनता ने उस चुनाव में जाति और पार्टी से ऊपर उठकर क्षेत्र के उम्मीदवार को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के बीच रहने और क्षेत्र से जुड़ाव होने का चुनाव में विशेष महत्व रहता है। नुक्कड़ नाटक से पीएम मोदी के संघर्ष को दिखाया कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष और उनके राजनीतिक सफर को प्रस्तुत किया। साथ ही केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति देखी। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि (प्रशासक) अमित त्रिवेदी, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. रजनीश वर्मा, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष ओम प्रकाश चौधरी, ब्लॉक पुरवा प्रशासक सतीश चौधरी, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव, सभासद विशाल विमल, आशीष साहू, जैनुल आबदीन और आशिक अली सहित भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *