गणेश पाण्डेय । गोरखपुर18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट और बिना फिटनेस के ऑटो-ई-रिक्शा संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 132 ऑटो और ई-रिक्शा समेत 147 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को निशाने पर लिया गया। खासकर नाबालिगों के हाथों में ऑटो और ई-रिक्शा की कमान होने तथा बिना जरूरी दस्तावेजों के वाहनों के संचालन पर कार्रवाई की गई।

तीन प्रमुख चौराहों पर भी चला चेकिंग अभियान
नौसढ़, बाघागाड़ा और मोहद्दीपुर चौराहे पर भी यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यहां शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंक एंड ड्राइव), प्रेशर हॉर्न, गलत तरीके से लगी नंबर प्लेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने की कवायद
नाबालिगों द्वारा ऑटो और ई-रिक्शा चलाना सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। बिना वैध दस्तावेजों और फिटनेस के संचालित होने वाले वाहन भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं। ऐसे में अभियान के जरिए इन पर रोक लगाने की कोशिश की गई। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच आगे भी महत्वपूर्ण रहेगी।
