![]()
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मेरठ के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे है। भक्तों ने जय माता दी के जयकारे लगाकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिरों में घंटियों की गूंज और भक्ति गीतों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। नवरात्र को लेकर शहर के मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। वहीं, मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री का विशेष शृंगार किया गया। माता रानी को सुंदर और आकर्षक पोशाक पहनाई गई, जिससे उनका दिव्य स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंदिरों में की गई सजावट और मां के शृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालु उत्साह के साथ पहुंच रहे हैं। पहले दिन भक्तों ने मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। माता रानी को चुनरी, फूल, नारियल और शृंगार का सामान अर्पित किया गया। कई श्रद्धालु परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और घर-परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। वहीं, व्रत रखने वाले भक्तों ने मां की आराधना के साथ नौ दिनों के अनुष्ठान की शुरुआत की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां शैलपुत्री पर्वतराज हिमालय की पुत्री हैं और उन्हें मां दुर्गा का प्रथम स्वरूप माना जाता है। नवरात्र के पहले दिन इनकी पूजा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु मां शैलपुत्री से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। मां शैलपुत्री का मंत्र ॐ देवी शैलपुत्र्यै नमः॥, मान्यता है कि नवरात्र के पहले दिन इस मंत्र का जाप करने और मां शैलपुत्री की आराधना करने से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। मेरठ में भी श्रद्धालु इसी आस्था के साथ माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। मंदिरों में सजी आकर्षक सजावट, मां का सुंदर शृंगार और भक्तों के जयकारे नवरात्र के उत्साह को और खास बना रहे हैं।
Source link
मेरठ में शारदीय-नवरात्र के पहले दिन उमड़ी भक्तों की भीड़:मंदिरों में सजावट और मां के दिव्य शृंगार ने मोहा मन