13 लाख के मुर्गे-दाने बिना अनुमति बेचे:कल्याण हैचरीज की शिकायत पर फार्मर विजय प्रकाश सिंह पर केस दर्ज


बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में कल्याण हैचरीज कंपनी के करीब 13 लाख रुपये के ब्रायलर मुर्गे और फीड (दाना) बिना अनुमति बेचने का आरोप लगा है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर पंकज कुमार की शिकायत पर पुलिस ने विजय प्रकाश सिंह के खिलाफ 9 अक्टूबर 2026 को मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के कटारूआ दलथमहन सिंह गांव निवासी विजय प्रकाश सिंह के साथ 9 सितंबर 2025 को कल्याण हैचरीज का समझौता हुआ था। इसके तहत कंपनी को उनके फार्म पर ब्रायलर मुर्गों के पालन के लिए चूजे और दाना उपलब्ध कराना था। कंपनी ने 19 अगस्त 2026 को फार्म पर चूजों की खेप भेजी थी। इसके साथ दाने के बोरे भी उपलब्ध कराए गए थे। कंपनी का अधिकृत सुपरवाइजर नियमित रूप से फार्म का निरीक्षण करता था। आरोप है कि 25 सितंबर 2026 को जब सुपरवाइजर फार्म पर पहुंचा तो वहां ब्रायलर मुर्गे नहीं मिले। शिकायत में कहा गया है कि फार्मर ने कंपनी को बिना सूचना दिए और अनुमति लिए बिना सभी मुर्गों को बेच दिया था। दाने के बोरों को भी अवैध रूप से बेचने का आरोप लगाया गया है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने पक्षियों और दाने की कीमत करीब 13 लाख रुपये बताते हुए पुलिस से नुकसान की भरपाई कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। शिकायत पर 27 सितंबर को जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को पुरानी बस्ती थाने में शुक्रवार रात्रि 10.40 बजे मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *