सनी गुप्ता | संभलकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली में 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले संभल में पुलिस सक्रिय हो गई है। शुक्रवार रात 8 बजे से पुलिस ने कई राजनीतिक नेताओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट करना शुरू कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
किसान संगठनों और AIMIM के पदाधिकारी नजरबंद
जानकारी के मुताबिक, भारतीय किसान यूनियन टिकट के पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव विजेंद्र सिंह यादव को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव युवा नूर मोहम्मद और भारतीय किसान यूनियन असली के जिलाध्यक्ष राजपाल यादव को भी नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा संभल नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन के पति हाजी शकील अहमद के आवास पर भी पुलिस तैनात दिखाई दी।

दिल्ली जाने की आशंका के बीच बढ़ाई निगरानी
बताया जा रहा है कि दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आशंका जताई जा रही है कि विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा सकते हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। अन्य विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को भी घरों में रोके जाने की जानकारी मिली है।

कार्रवाई पर आधिकारिक बयान का इंतजार
प्रदर्शन से पहले नेताओं के आवासों पर पुलिस की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। शुक्रवार रात 8 बजे से शुरू हुई कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां प्रभावित होती नजर आईं। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में आगे की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

