कानपुर में ई-रिक्शे से चोरी करने पहुंचा नाबालिग रंगेहाथ पकड़ा:लोगों ने पुलिस को सौंपा, समरसेबल के पाइप और औजार भी मिले


कानपुर के चकेरी के सनिगवां में गुरुवार रात निर्माणाधीन मकान में चोरी करने पहुंचे नाबालिग ई-रिक्शा चालक को लोगों ने रंगेहाथ दबोच लिया। आरोपी ई-रिक्शे से मकान में पहुंचा था और समरसेबल के कई पाइप निकाल चुका था। मौके पर लोहे के कई औजार भी मिले हैं। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। पीड़ित ने रात 9:30 बजे पुलिस से शिकायत की। सनिगवां निवासी शहनवाज खान वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। उनका मकान निर्माणाधीन है। गुरुवार रात 8:30 बजे उन्हें जानकारी मिली कि मकान के अंदर एक युवक चोरी कर रहा है। इस पर वह आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के अंदर एक नाबालिग ई-रिक्शा चालक समरसेबल के पाइप निकालता मिला। लोगों को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे दबोच लिया गया। मकान मालिक शाहनवाज ने बताया कि, आरोपी ने समरसेबल चोरी करने के लिए कई पाइप पहले ही निकाल लिए थे। इसके अलावा मौके से लोहे के कई औजार भी बरामद हुए हैं। ऐसे में आशंका है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ चोरी करने पहुंचा था। वह पाइप और अन्य सामान ई-रिक्शे में लादकर ले जाने की तैयारी में था, इससे पहले ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। शहनवाज का आरोप है कि करीब दो महीने पहले भी उनके निर्माणाधीन मकान से करीब 10 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी हो चुका है। गुरुवार को दोबारा चोरी की कोशिश की जानकारी मिलते ही उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस आरोपी को थाने ले गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग से पूछताछ की जा रही है। मौके से मिले सामान और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *