![]()
नवरात्रि पर्व पर लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे शहर में दुकानों का निरीक्षण किया। झम्मन लाल मंडी और लेनगंज क्षेत्र में एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान बिक्री के लिए रखी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। टीम ने मौके पर ही एक्सपायरी साबूदाना, पाव-भाजी मसाला, गोलगप्पा मसाला, सेवई समेत अन्य सामान नष्ट कराया। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने वाले दुकानदारों को दुकान बंद करने और लाइसेंस लेने के बाद ही कारोबार शुरू करने के निर्देश दिए गए। झम्मन लाल मंडी में एक्सपायरी साबूदाना और मसाले मिले आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और डीएम के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए.के. पाठक के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले झम्मन लाल मंडी स्थित मेसर्स जगमंदर दास विजय कुमार की दुकान का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से साबूदाना का नमूना लिया। जांच के दौरान दुकान में काफी मात्रा में एक्सपायरी डेट का सामान बिक्री के लिए रखा मिला। मौके पर 20 पैकेट एक्सपायरी साबूदाना, कीमत करीब 1,400 रुपए, नष्ट कराया गया। इसके अलावा 10 पैकेट एक्सपायरी पाव-भाजी मसाला करीब 660 रुपए, 11 पैकेट गोलगप्पा मसाला करीब 814 रुपए और पांच पैकेट मोटी सेवई करीब 150 रुपए कीमत की भी नष्ट कराई गई। बिना लाइसेंस दुकान संचालित मिली इसके बाद मेसर्स राजेंद्र प्रकाश, पंकज कुमार जैन के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। दुकान बिना लाइसेंस संचालित मिली। टीम ने यहां से मूंगफली दाना का नमूना लिया। बिक्री के लिए रखे करीब एक हजार रुपए कीमत के एक्सपायरी मसाले भी मौके पर नष्ट कराए गए। लेनगंज में भी एक्सपायरी सामान नष्ट कराया लेनगंज में मेसर्स आकाश ट्रेडर के यहां से सिंघाड़ा आटे का नमूना लिया गया। वहीं मेसर्स आसी ट्रेडर्स के निरीक्षण में दुकान बिना लाइसेंस संचालित मिली। यहां बिक्री के लिए रखी करीब 500 रुपए कीमत की एक्सपायरी मूंग बड़ी, अजवाइन और सेंधा नमक को नष्ट कराया गया। दो दुकानों पर व्यवस्था सही मिली टीम ने अंकित गुप्ता किराना स्टोर और प्रतीक अग्रवाल की किराना दुकान का भी निरीक्षण किया। दोनों प्रतिष्ठानों पर सफाई व्यवस्था और खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति सही मिली। विभाग ने बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों को दुकान बंद कर लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही कारोबार शुरू करने के निर्देश दिए। सभी खाद्य कारोबारियों को एक्सपायरी डेट की सामग्री नहीं बेचने, साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेन्द्र कुमार, इंद्रजीत सिंह और प्रदीप कुमार शामिल रहे। नवरात्रि के दौरान खाद्य विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों में खलबली मची रही।
Source link
मैनपुरी में नवरात्रि में एक्सपायरी सामान पर शिकंजा:दुकानों पर मिले एक्सपायरी साबूदाना, मसाले और सेवई; बिना लाइसेंस कारोबार पर दुकान बंद कराने के निर्देश