10 लाख और बुलेट के लिए विवाहिता का गला घोटा:सहारनपुर में पति पहले से था शादीशुदा, देवर पर अश्लील हरकत करने का आरोप; 5 पर FIR


सहारनपुर में खाताखेड़ी निवासी एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज में 10 लाख रुपये और बुलेट बाइक मांगने, मारपीट करने, गला घोंटने की कोशिश करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पति ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर निकाह किया था। बाद में पता चला कि पति पहले से शादीशुदा है। विवाहिता की शिकायत पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, खाताखेड़ी निवासी सोफिया का निकाह 12 फरवरी 2026 को फरमान निवासी एकता कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही पति फरमान, देवर सलमान व रहमान, सास नाजमा और ससुर दिलशाद अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। उनसे 10 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की गई। महिला ने बताया कि उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में सामान दिया था और अब अतिरिक्त दहेज देने की स्थिति में नहीं हैं। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे। उससे घर में नौकरों की तरह काम कराया जाता था और समय पर खाना-पीना भी नहीं दिया जाता था। महिला के अनुसार, बाद में उसे जानकारी हुई कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। पति ने उससे कहा था कि पहली पत्नी से उसका मुकदमा चल रहा है और वह उसे तलाक दे देगा। देवर पर अश्लील हरकत करने का आरोप विवाहिता ने अपने देवर रहमान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि रहमान उस पर गलत नजर रखता था और अकेले मिलने पर अश्लील हरकत करता था। उसने पति और परिवार के अन्य लोगों से इसकी शिकायत की तो कथित तौर पर उसे ही धमकाया गया। महिला का आरोप है कि उससे कहा जाता था कि यदि वह उनकी मांग पूरी नहीं करेगी तो उसके साथ ऐसा ही होता रहेगा। ससुराल पक्ष पर उसके छोटे भाई को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। 16 जून को मारपीट और गला घोंटने का आरोप महिला के मुताबिक, 16 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने फिर 10 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि सास नाजमा ने उसे जान से मारने के लिए कहा। इसके बाद ससुर दिलशाद ने उसके पेट में लात मारी, जबकि सास ने उसकी चुनरी से गला घोंटने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला को बचाया। इसके बाद मायके वालों को सूचना दी गई। मायके के लोग मौके पर पहुंचे तो विवाहिता को बदहवास हालत में देखा। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। 112 पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस, घर से निकाला विवाहिता के अनुसार, घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। पुलिस की पीआरवी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर चली गई। शिकायत में पीआरवी का नंबर और इवेंट आईडी भी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद ससुराल वालों ने उसे घर से धक्के देकर निकाल दिया और कहा कि जब तक 10 लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलेगी, उसे वापस घर में नहीं रखा जाएगा। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला का आरोप है कि उसने घटना की सूचना थाने में दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 16 जुलाई को महिला थाने में प्रार्थना पत्र देकर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और अपनी व परिवार की सुरक्षा की मांग की। पति पर पहले से मुकदमा चलने का भी दावा शिकायत में विवाहिता ने पति फरमान पर पहले से आपराधिक मुकदमा चलने का भी उल्लेख किया है। उसने बताया कि पति के खिलाफ थाना गागलहेड़ी में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जो पोक्सो कोर्ट में विचाराधीन बताया गया है। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने अपनी पिछली शादी और अन्य जानकारी छिपाकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और निकाह किया। महिला थाने ने विवाहिता की शिकायत के आधार पर पति फरमान, देवर सलमान व रहमान, सास नाजमा और ससुर दिलशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *