मो. इमरान अंसारी | चाँदपुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बिजनौर में बुधवार रात तीन लोगों की ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी गई। दो पक्षों में शराब की दुकान के पास विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने तीनों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर हालत में तीनों को सीएचसी ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ड्राइवर भी घायल हो गया। उसे सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला चांदपुर थाना इलाके का है।

अब जानिए पूरा मामला…
दत्तियाना और जमालुद्दीनपुर गांव के बीच शराब की दुकान है। यहां जमालुद्दीनपुर निवासी छोटू छोले की दुकान लगाता है। बुधवार रात छोटू का दत्तियाना गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर जमालुद्दीनपुर से भी कुछ लोग वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान दत्तियाना गांव के कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे। इनमें चार लोग ट्रैक्टर पर सवार थे, जबकि कुछ पैदल चल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने जमालुद्दीनपुर निवासी उदयवीर (60), बाबू (40) और महेंद्र को कुचल दिया। हादसे से पहले ट्रैक्टर बिजली के पोल से भी टकराया था।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी स्याऊ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उदयवीर और बाबू को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र को गंभीर हालत में बिजनौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

4 घायलों को अस्पताल लाया गया। यहां पर तीन को मृत घोषित कर दिया गया।
ट्रैक्टर चालक भी घायल
हादसे में ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र भी घायल हो गया। उसे सीएचसी स्याऊ में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ, एसडीएम और एसपी देहात भी सीएचसी स्याऊ पहुंचे। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र ने बताया कि मैं ट्रैक्टर की सर्विस कराकर जा रहा था। किसी ने मुझ पर पत्थर मारा। इसके बाद मुझे कुछ पता नहीं चला कि क्या हुआ।
बेटे ने जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाने का लगाया आरोप
उदयवीर के बेटे अरुण का आरोप है कि पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद उसके पिता और दो अन्य लोग वहां खड़े थे। इसी दौरान तीनों पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया। बाबू के बेटे रंजीत ने बताया कि वह घर पर था। उसके पिता घर से बाहर गए थे। आरोप है कि उनके पिता पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
महेंद्र के परिजनों ने हलदौर चौराहे पर हंगामा किया। उनका कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वे शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने देंगे। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। मामला दो गांवों से जुड़ा होने के कारण कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात है

पुलिस ने परिवार और गांववालों से मामले की जानकारी ली।
महेंद्र के परिजन सूरज कश्यप ने बताया कि गांव का छोटू शराब की दुकान के पास छोले बेचता है। वहां कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद वे लोग वहां से चले गए। कुछ देर बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर वापस आए। ट्रैक्टर पर चार लोग सवार थे और उनके पीछे कुछ अन्य लोग भी आ रहे थे।
सूरज के मुताबिक, पुलिया के पास ट्रैक्टर पहले पीछे हुआ और फिर आगे बढ़कर गांव के तीन लोगों को कुचल दिया। इसके बाद ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकराया। आरोप है कि चालक ने ट्रैक्टर को बैक कर दोबारा तीनों को कुचला।
सूरज ने आरोप लगाया कि तीनों की जानबूझकर हत्या की गई है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
——————
यह खबर भी पढ़ें…
पति को सांप डसवाने वाली रविता हत्या की दोषी:मेरठ में प्रेमी के साथ मिलकर सोते वक्त गला घोटा, फिर बिस्तर पर सांप छोड़ा था

मेरठ में पति की हत्या के मामले में रविता और उसके प्रेमी को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। बुधवार को कोर्ट ने सुनवाई के दौरान माना कि दोनों ने मिलकर अमित कश्यप की हत्या की थी। कोर्ट 16 अक्टूबर को दोनों को सजा सुनाएगी। घटना के 538 दिन बाद 16 तारीखों में 12 से ज्यादा गवाहों के बयान के बाद कोर्ट ने यह फैसला लिया। पढ़ें पूरी खबर…
