![]()
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और जाम मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस ने मोहद्दीपुर चौराहे से ओरियन मॉल मार्ग तक विशेष अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देशन और एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के साथ ही नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान मोहद्दीपुर चौराहे और आसपास के फुटपाथों पर ठेला, खोमचा लगाने और दुकानों को सड़क की ओर बढ़ाकर मार्ग बाधित करने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। दुकानदारों से कहा गया कि वे सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। नो-पार्किंग में खड़े 10 गाड़ियों पर व्हील क्लैंप अतिक्रमण हटाने के साथ यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में सड़क पर खड़े मिले 10 वाहनों पर व्हील क्लैंप लगाकर उन्हें लॉक कर दिया गया। इसके बाद वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने के कारण कई बार यातायात का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति बनती है। मोहद्दीपुर चौराहा शहर के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल है। ऐसे में सड़क पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से राहगीरों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने की अपील पुलिस अधीक्षक यातायात ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को सड़क पर या नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ा न करें। वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क किए जाएं, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। खासकर प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गोरखपुर में नो-पार्किंग पर सख्ती:मोहद्दीपुर से ओरियन मॉल तक चला अभियान; सड़क पर खड़ी 10 गाड़ियों पर लगा व्हील क्लैंप