बेटी की बरामदगी के नाम पर10 हजार लेने का आरोप:फिर भी कार्रवाई नहीं हुई; खबर के बाद चौकी प्रभारी निलंबित


औरैया में नाबालिग बेटी की बरामदगी के नाम पर पिता से 10 हजार रुपए लेने के आरोप में प्लास्टिक सिटी लखनपुर चौकी प्रभारी रामवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि बेटी की तलाश में कार्रवाई का भरोसा देकर पिता से रुपए लिए गए, लेकिन रकम देने के बाद भी उसकी बरामदगी के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परेशान पिता ने अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और बेटी को जल्द बरामद कराने की गुहार लगाई थी। मामला सामने आने के बाद दैनिक भास्कर की खबर पर एसपी अभिषेक भारती ने संज्ञान लिया। उन्होंने चौकी प्रभारी रामवीर सिंह को निलंबित कर दिया। अब मामले में पुलिस स्तर पर आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पिता के मुताबिक, उनकी नाबालिग बेटी मई 2025 में एक युवक के साथ चली गई थी। मामले में दिबियापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। बेटी की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस स्तर पर जांच शुरू हुई। शुरुआत में मामले की जांच उपनिरीक्षक अभय प्रताप कर रहे थे। बाद में उनका ट्रांसफर होने के बाद जांच की जिम्मेदारी प्लास्टिक सिटी लखनपुर चौकी प्रभारी रामवीर सिंह को दी गई। बेटी को खोजने के नाम पर 10 हजार रुपए मांगे शिकायतकर्ता पिता का आरोप है कि बेटी की बरामदगी के लिए चौकी प्रभारी ने उनसे 10 हजार रुपए मांगे। बेटी की तलाश की उम्मीद में पिता ने ब्याज पर रुपए लेकर पुलिसकर्मी को दे दिए। पिता का कहना है कि रकम देने के बाद भी बेटी की तलाश के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उनसे दोबारा रुपए मांगे जाने का आरोप भी लगाया गया। बेटी के लंबे समय से बरामद न होने और पैसे की मांग से परेशान पिता ने अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया। अधिकारियों से लगाई निष्पक्ष जांच पिता ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि बेटी को वापस लाने की उम्मीद में उन्होंने उधार लेकर पैसे दिए, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द बरामद कराने की गुहार लगाई थी। शिकायत के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया। एसपी ने किया निलंबित मामले को लेकर दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी अभिषेक भारती ने संज्ञान लिया। उन्होंने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्लास्टिक सिटी लखनपुर चौकी प्रभारी रामवीर सिंह को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं पीड़ित पिता की मुख्य मांग नाबालिग बेटी की जल्द बरामदगी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *