![]()
अंबेडकरनगर के आलापुर थाना क्षेत्र के बरमसापुर गांव में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे खेत की सिंचाई कर रहे युवक से तमंचा दिखाकर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया। वारदात के बाद भाग रहे चार आरोपियों की बाइक डगडगवा चौराहे के पास दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। बरमसापुर निवासी सलिल कुमार सोमवार दोपहर अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और तमंचा दिखाकर सलिल का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद चारों आरोपी बाइक से भागने लगे। सलिल के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। ग्रामीणों से घिरता देख आरोपी तेज रफ्तार में बाइक लेकर भागने लगे। डगडगवा चौराहे पर दूसरी बाइक से टक्कर इसी दौरान डगडगवा चौराहे के पास आरोपियों की बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। दूसरी बाइक पर सवार महेंद्र पुत्र राममिलन निवासी शनिचरा, थाना धनघटा, संतकबीरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से महेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल लूट और हादसे के संबंध में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मोबाइल-लूटकर भाग रहे बदमाशों बाइक युवक को मारी टक्कर:अंबेडकरनगर में युवक की मौत, ग्रामीणों ने 4 आरोपियों को पकड़ा