10 Personalities Honored with Gaurav Samman 2026

तारिक सिद्दीक़ी| सहारनपुर1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सहारनपुर में श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में आयोजित मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार शाम 7 बजे ‘मेरा सहारनपुर-मेरा गौरव’ समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम ने सिटीवेब न्यूज के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सहारनपुर का नाम रोशन करने वाली 10 विभूतियों को ‘सहारनपुर गौरव अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्राची चौधरी, क्रिकेटर एवं कोच भावना तोमर, उपसभापति मयंक गर्ग, कार्यक्रम संयोजक नीरज शर्मा और संजय फुटेला ने दीप प्रज्वलित कर किया। खेल के क्षेत्र में एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली धावक प्राची चौधरी, महिला क्रिकेटर एवं कोच भावना तोमर और राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता पैरा शूटर अंश गुप्ता को सम्मानित किया गया।

चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अनिल मलिक और डॉ. संजीव मित्तल, इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी-बिजनेस क्षेत्र में हर्षिता अरोड़ा और शुभावरी चौहान, अभिनय क्षेत्र में ‘द कपिल शर्मा शो’ की कलाकार मंजू बृजभूषण शर्मा, शिक्षा के क्षेत्र में लीना दुआ तथा सामाजिक क्षेत्र में विनोद गुप्ता को भी स्मृति चिह्न और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा डिजिटल क्रिएशन, सोशल मीडिया और सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रेरणा लखेड़ा, ज्योति मल्होत्रा, दिया मेहता,तनु शर्मा, कांवड़ यात्रा सेवा शिविर संघ के अध्यक्ष संजय फुटेला और एचटीसी अध्यक्ष सरदार परम बतरा को ‘सिटीवेब एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।

समारोह में बाल एवं युवा कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दीपक अरोड़ा द्वारा प्रस्तुत सहारनपुर के इतिहास, विरासत,उपलब्धियों और बदलते स्वरूप पर आधारित डॉक्यूमेंट्री रही। इसमें पुराने सहारनपुर से लेकर आधुनिक और विकास की ओर बढ़ते शहर की यात्रा दिखाई गई। नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के विकास कार्यों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया।

मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सम्मानित विभूतियां सहारनपुर के ऐसे नायक हैं,जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से शहर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के लिए प्रतिभाशाली लोगों के योगदान को जरूरी बताया और एग्रो व एग्रीकल्चर आधारित उद्योगों की संभावनाओं को बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में पद्मश्री भारत भूषण, सपा नेता शायन मसूद, रविंद्र मिगलानी, मुकेश गक्खड़, अमर गुप्ता, सूर्य राणा, राकेश जैन, संजय सैनी, दिग्विजय चौहान, राजेंद्र कोहली, ज्योति अग्रवाल, योगेश दहिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन डॉ. अमित दीक्षित और काजल खुराना ने किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *