![]()
अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोपी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बावजूद पुलिस की पकड़ से दूर है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई भी कर चुकी है, लेकिन इसके बाद भी उसने आत्मसमर्पण नहीं किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग प्रदेशों में भेजी जा चुकी हैं। सूरत तक दबिश देने के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। इनायतनगर पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई है। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है, लेकिन आरोपी के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी आ रही है। पुलिस अब दूसरे संभावित तरीकों से भी उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, इनायतनगर थाना क्षेत्र के धौरहरा मुकुंदहा निवासी अमित कुमार उर्फ कल्लू पर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है। पांच दिसंबर 2025 को वह किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया था। इसके बाद किशोरी के पिता ने इनायतनगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद अपहरण का मुकदमा 6दिसंबर को दर्ज कराया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम सूरत तक पहुंची, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। लगातार फरार रहने के कारण आरोपी पर10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। न्यायालय के आदेश पर उसके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की गई, लेकिन वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ। प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें विभिन्न प्रदेशों में भेजी गई हैं। सर्विलांस टीम की सहायता भी ली जा रही है। आरोपी मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं कर रहा है, जिससे उसकी तलाश में कठिनाई आ रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
10 हजार का इनामी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर:कई प्रदेशों में तलाश जारी, कुर्की के बाद भी हाजिर नहीं