![]()
श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी मेरठ शहर की ओर से इस बार रामलीला मंचन को भव्य बनाने की तैयारियां की गई हैं। शनिवार को राधा गोविंद मंडप में हुई प्रेस वार्ता में कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि जीमखाना मैदान में 9 से 19 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से रामलीला का मंचन होगा। 20 अक्टूबर को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में दशहरा मेले और रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। कमेटी के मुख्य संयोजक राकेश गर्ग ने बताया कि इस बार करीब 104 फीट चौड़े और 54-55 फीट ऊंचे भव्य मंच का निर्माण कराया जाएगा। मंच के पीछे दक्षिण भारतीय शैली में मंदिर बनाया जाएगा, जिसमें भगवान राम के विराजमान होने और पूजन के बाद लीला का मंचन शुरू किया जाएगा। मंचन के लिए रत्नाकर ड्रामेटिक आर्ट प्रोडक्शन, रोहिणी दिल्ली की कलाकार मंडली आएगी। निर्देशन राकेश रत्नाकर और सह-निर्देशन राहुल गुप्ता करेंगे। लेजर इफेक्ट से दिखेंगे रामलीला के प्रमुख प्रसंग पदाधिकारियों के अनुसार इस बार रामलीला में मुंबई और दिल्ली से साउंड व लाइट इंजीनियर बुलाए गए हैं। जीमखाना मैदान में रोजाना लेजर शो की व्यवस्था रहेगी। धनुष भंग के बाद भगवान राम का लेजर इफेक्ट के जरिए विशेष दृश्य दिखाया जाएगा। राम-सीता विवाह के दौरान भी लेजर तकनीक से विवाह का दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। 120 फीट का रावण, आंखों से निकलेंगे अंगारे 20 अक्टूबर को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में होने वाले दशहरा मेले में 120 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। कमेटी के अनुसार रावण की आंखों से अंगारे निकलने और नाभि पर अग्नि प्रभाव के जरिए भगवान राम के तीर लगने का दृश्य दिखाया जाएगा। जीमखाना मैदान में बनाए जाने वाले अन्य पुतलों की ऊंचाई भी करीब 80 फीट रखी जाएगी। 8 अक्टूबर को महादेव की शोभायात्रा रामलीला से पहले 8 अक्टूबर को भगवान महादेव की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह बुढ़ाना गेट स्थित सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर सुभाष बाजार, तहसील गुदड़ी बाजार, भजाजा सर्राफा, वैली बाजार, लालागा बाजार और शीशमहल होते हुए वापस पहुंचेगी। इसके मुख्य संयोजक अनिल गोल्टी और दीपक शर्मा होंगे। 12 अक्टूबर को भगवान राम के विवाह के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसका नेतृत्व दीपक राजपूत और लोकेश लोधी करेंगे। बच्चों के लिए ‘संस्कारशाला’ कमेटी ने इस बार 3 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘संस्कारशाला’ शुरू करने की घोषणा की है। इसमें बच्चों को रामायण के पात्रों के रूप में तैयार किया जाएगा। कमेटी की ओर से बच्चों को ड्रेस और मेकअप उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए राम, सीता, हनुमान, रावण और अन्य पात्रों के सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। आयोजकों ने मीडिया से इन बच्चों की तस्वीरों को प्रमुखता से प्रकाशित करने की अपील की। कमेटी ने बताया कि कलाकारों के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंच और कलाकारों के मेकअप स्थल को गंगाजल से शुद्ध कराया जाएगा। कलाकारों के लिए भोजन की अलग व्यवस्था होगी और मंच के आसपास प्याज-लहसुन का प्रयोग नहीं किया जाएगा। कमेटी पदाधिकारियों ने शहरवासियों से रामलीला में पहुंचकर भगवान राम के आदर्शों और संस्कारों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भगवान राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
Source link
9 अक्टूबर से जीमखाना मैदान में शुरू होगी रामलीला:लेजर शो से दिखेंगे राम-सीता विवाह के दृश्य, दिल्ली रोड पर होगा 120 फीट के रावण का दहन