आराधना मिश्रा मोना बनीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष:प्रतापगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न


प्रतापगढ़ के रामपुर खास विधानसभा की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को देर रात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। अंबेडकर चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय पर दोपहर करीब एक बजे जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और ढोल की थाप पर जमकर डांस किया।इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। सीट शेयरिंग के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। कार्यकर्ताओं का काम पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाना तथा संगठन को मजबूत करना है। जश्न के दौरान कांग्रेस के प्रदेश सदस्य प्रशांत शुक्ला, महेंद्र शुक्ला, सरोज कश्यप, अधिवक्ता मकरंद शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *