![]()
मेरठ के बिजली बंबा-लोहियानगर स्थित स्व. राजेश पायलट मार्ग के अस्थाई बस अड्डे पर लोहियानगर के किसानों का धरना शुक्रवार को 22वें दिन अनिश्चितकालीन धरने में बदल गया। किसानों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। पार्षद प्रशांत कसाना कुंडा ने धरने को संबोधित किया। किसानों ने बताया कि तीनों योजनाओं से जुड़े किसान आगामी रविवार को अपने खेतों में जुताई का काम करेंगे। किसानों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर तीनों योजनाओं के किसान एकजुट होकर एमडीए कार्यालय पर भी धरना देंगे। किसानों ने एमडीए से लोहियानगर के किसानों का रुका हुआ प्रतिकर और प्लॉट जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दो दिन पहले मेडा अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे थे लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर किसानों ने वहां मेडा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए थे। अब गौरव गुर्जर ने ऐलान किया कि आज गांधी जयंती के बाद से अब धरना अनिश्चितकालीन में बदल गया है। धरने की अध्यक्षता बाबा धर्मपाल भड़ाना ने की, जबकि संचालन गौरव गुर्जर काजीपुर ने किया। इस दौरान किसानों ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया। किसानों ने कहा कि अब धरना रात में भी जारी रखा जाएगा। साथ ही जल्द ही बड़ी पंचायत आयोजित करने की बात कही गई। धरने में मंगत सिंह पुट्ठा, जसवीर सिंह गंगानगर, गजेंद्र सिंह, गौरव गुर्जर काजीपुर, सुभाष प्रधान, मयंक बैंसला, अमित भड़ाना, मानिक बैंसला, यश भड़ाना और रोहित भड़ाना समेत अन्य किसान मौजूद रहे।
Source link
22 वे दिन अनिश्चितकालीन में बदला लोहियानगर का धरना:आज से रात में भी बैठेंगे किसान, मांग पूरी नहीं होने तक प्रदर्शन रहेगा जारी