अछल्दा जाने निकले दंपती की ट्रेन से कटकर मौत:कानपुर देहात में अंबियापुर स्टेशन पर हादसा, श्राद्ध कार्यक्रम में जा रहे थे


कानपुर देहात। रिश्तेदारी में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले दंपती की रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसे में जान चली गई। मंगलवार रात करीब 8 बजे दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास पति-पत्नी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। मामला रूरा थाना क्षेत्र के सिठमरा गांव का है। गांव निवासी करीब 50 वर्षीय अनिल दीक्षित अपनी पत्नी संजू दीक्षित के साथ औरैया जिले के अछल्दा जाने के लिए घर से निकले थे। परिवार के मुताबिक, बुधवार को अछल्दा में उनकी बुआ शिवकांती का श्राद्ध कार्यक्रम था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोनों मंगलवार शाम घर से निकले और अंबियापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि स्टेशन पर रेलवे लाइन पार करने के दौरान दोनों अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्टेशन मास्टर प्रांशु तिवारी की सूचना पर झींझक जीआरपी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक से शव हटवाकर उनकी पहचान कराने का प्रयास किया। इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों के जरिए घटना की जानकारी परिजनों तक पहुंची। मौके पर पहुंचे बेटे विशाल दीक्षित ने दोनों शवों की पहचान अपने माता-पिता के रूप में की। सूचना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटी आशी समेत बेटे विशाल और अंश का रो-रोकर बुरा हाल है। जीआरपी चौकी इंचार्ज अर्पित तिवारी के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले कानपुर की ओर जाने वाली डाउन अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन स्टेशन से गुजरी थी। मृतकों के पास रेलवे टिकट भी मिले हैं। हादसा प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के बीच हुआ। रूरा थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज के मुताबिक, दंपती ट्रैक पर किस परिस्थिति में पहुंचे और ट्रेन की चपेट में कैसे आए, इसकी जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जीआरपी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *