कन्नौज में ब्रेड फैक्ट्री में आग से दो मजदूर झुलसे:40 से 50% तक जले, गंभीर हालत में कानपुर रेफर


कन्नौज में जलालपुर पनवारा कस्बे के पास मंगलवार शाम करीब 7 बजे एक ब्रेड कारखाने में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से दो मजदूर झुलस गए। दोनों को गोपनीय तरीके से जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने जानकारी होने से इनकार किया है। झुलसे मजदूरों की पहचान फर्रुखाबाद के अमृतपुर निवासी विजय कुमार अवस्थी (35) और जलालपुर पनवारा निवासी शिवम दुबे (26) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों कारखाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। कारखाने के कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया और दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद तौफीक नाम के व्यक्ति ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार दोनों मजदूर करीब 40 से 50 प्रतिशत तक झुलसे हैं। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कानपुर रेफर किया गया। मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को किसी ने घटना की सूचना नहीं दी है। उन्होंने बताया कि सीओ सिटी सुरेश मालिक को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *